फिरोजाबाद (हि.स.)। टूंडला थाना पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गोदाम से चोरी की गई चीनी की बोरियों सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने गोदाम स्वामी से कोर्ट में चल रहे मुकदमे में मात देने के उद्देश्य से चीनी की बोरियों को चोरी किया था। पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए सभी आरोपितों को जेल भेजा।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आठ जुलाई को अनिल जैन ने सूचना दी कि उसकी दुकान ठा0 बीरीसिंह एजूकेशनल सोसाइटी मार्केट से चीनी की बोरियां चोरी हो गई हैं। इस सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात उपनिरीक्षक योगेश नागर ने पुलिस टीम के सहयोग से सब्जी मण्डी के पास से तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों की पहचान कोटकी निवासी विकास उर्फ किरकिरा, भारत सिंह और अमित के रुप में की गई। अभियुक्तों की निशानदेही पर रेलवे काॅलोनी में बच्चा पार्क के पास खण्डर से चोरी की गयी चीनी की 32 बोरी बरामद कर ली गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि अभियुक्तों से अनिल कुमार का दुकान का विवाद चल रहा है। कोर्ट में मामला विचाराधीन है। कोर्ट में अनिल ने चीनी दुकान में रखी हुई बोरियां दर्शायी है, जिससे उनके मुकदमे में पलड़ा भारी है। इसी वजह से इन लोगों ने मिलकर चोरी की योजना के तहत अनिल जैन की दुकान से चीनी की बोरी को गायब कर दिया ताकि कोर्ट में अनिल का दावा कमजोर पड़ जाये। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कौशल/दीपक/मोहित
