– पटाखा दुकानदारों को नियमों का हर हाल में करना होगा पालन
कानपुर (हि.स.)। पटाखों का त्यौहार दीपावली नजदीक आ रही है और शहर के बाजारों में माल आने लगा है। पटाखों की दुकानें कहां-कहां पर लगेंगी और दुकानदारों को किस तरह के नियमों का पालन करना होगा आदि को लेकर गुरुवार को सहायक पुलिस आयुक्त ने पटाखा दुकानदारों के साथ बैठक की। उन्होंने साफ कहा कि कोर्ट और शासन के निर्देशानुसार ही सुनिश्चित जगहों पर पटाखों की बिक्री होगी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
दीपावली के त्यौहार पर अगर पटाखे ना फोड़े जाय तो ख़ुशी अधूरी रह जाती है, लेकिन असावधानी बरतने पर दुर्घटना भी हो सकती है। त्यौहार को देखते हुए कानपुर पुलिस लाइन में एडिशनल पुलिस कमिश्नर आनंद कुलकर्णी ने पटाखा व्यापारियों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए। बताया कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट की जो गाइडलाइन है और सरकार के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए जो आवश्यक दिशा निर्देश है उसका अनुपालन सभी को करना होगा।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पटाखों की दुकानों को लगाने का लाइसेंस, उसकी बिक्री और स्टोरेज करने को लेकर सभी को निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उनसे सुझाव भी मांगे गए है, जिसकी समीक्षा की जाएगी। उनका कहना था कि अगर किसी दुकानदार को आराजक तत्व परेशान करते हैं और शिकायत मिलती है तो वंहा पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि सुनिश्चित जगहों पर ही पटाखों की बिक्री हो और साथ ही यह भी ख्याल रखा जाये कि मानकों को दुकानदार पूरा कर रहे हैं कि नहीं।
महमूद
