Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकोरोना से बचाव व उपचार की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखना जरूरी :...

कोरोना से बचाव व उपचार की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखना जरूरी : योगी आदित्यनाथ

कहा, वैक्सीनेशन के लक्षित समूहों को टीकाकरण की तिथि, स्थान व समय के सम्बन्ध में पहले से करायें अवगत 

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है। इसके बावजूद कोरोना से बचाव व उपचार की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है। इस सम्बन्ध में थोड़ी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। उन्होंने कई राज्यों में कोरोना के मामलों में वृद्धि को देखते हुये अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री शनिवार को यहां अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण की चेन को तोड़ने में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग तथा सर्विलांस कार्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए इस व्यवस्था को पूरी सक्रियता से संचालित किया जाये।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिलों में इन्टीग्रेटेड कमाण्ड ऐण्ड कन्ट्रोल सेन्टर को सुचारु ढंग से संचालित किया जाये। सभी जिलाधिकारियों तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारियों द्वारा नियमित तौर पर प्रतिदिन कोविड चिकित्सालय में तथा शाम को इन्टीग्रेटेड कमाण्ड ऐण्ड कन्ट्रोल सेन्टर में बैठक कर स्थिति की समीक्षा की जाये।
मुख्यमंत्री ने टेस्टिंग कार्य पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिये हैं। लोगों को कोविड-19 से बचाव के बारे में जागरूक किया जाये। आमजन को मास्क के अनिवार्य उपयोग तथा शारीरिक दूरी के पालन के लिये जानकारी दी जाये।
मुख्यमंत्री ने कोरोना वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि सम्पूर्ण कार्यवाही केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों और क्रम के अनुरूप संचालित की जाये। कोरोना वैक्सीनेशन के लक्षित समूहों को टीकाकरण की तिथि, स्थान व समय के सम्बन्ध में पहले से अवगत कराया जाये। कोरोना वैक्सीन का मानकों के अनुरूप स्टोरेज एवं ट्रांसपोर्टेशन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन कार्य में इन्टीग्रेटेड कमाण्ड ऐण्ड कन्ट्रोल सेन्टर की सेवाओं का उपयोग करने के निर्देश भी दिये हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular