Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकोरोना टीकाकरण को लेकर सभी जिलों में 15 दिसम्बर तक कोल्ड चेन...

कोरोना टीकाकरण को लेकर सभी जिलों में 15 दिसम्बर तक कोल्ड चेन की करें सुदृढ़ व्यवस्था: योगी आदित्यनाथ

कहा, टीकाकरण का कार्य अन्तर्विभागीय समन्वय से किया जाए संचालित 

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के टीकाकरण के सम्बन्ध में सभी तैयारियों को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से सम्पन्न करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कोविड-19 टीकाकरण का कार्य अन्तर्विभागीय समन्वय से संचालित किया जाए। उन्होंने इसके लिए सभी प्रबन्ध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।  
मुख्यमंत्री ने सोमवार को यहां अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि कोविड-19 के टीकाकरण के सम्बन्ध में सभी जनपदों में 15 दिसम्बर तक कोल्ड चेन की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे वैक्सीन की गुणवत्ता में कोई कमी न आने पाए। 
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के टीकाकरण के लिए प्रदेश की विशाल जनसंख्या को देखते हुए पर्याप्त संख्या में वैक्सीनेटर्स की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने कोरोना के बचाव के सम्बन्ध में लोगों को जागरूक किए जाने की कार्यवाही पूरी सक्रियता से जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल टेस्टिंग का कार्य पूरी क्षमता से संचालित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सचिव कार्यालय तथा मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों के कार्यालय में लैण्डलाइन फोन के साथ-साथ इन अधिकारियों के सीयूजी फोन पर दूरभाष के माध्यम से सम्पर्क करते हुए कार्यालयों में इनकी उपस्थिति सत्यापित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध मदिरा बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। इस कार्य में संलिप्त लोगों की सम्पत्ति जब्त कर उसे नीलाम किया जाए तथा नीलामी से प्राप्त धनराशि से प्रभावितों को मुआवजा दिया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular