लखनऊ (हि.स.)। एक ओर होली की बयार बह रही है तो दूसरी ओर कोरोना तेजी से एक बार फिर अपना पांव पसारने लगा है। ऐसे में रंग खेलने के साथ सर्तक रहने की आवश्यकता है। इस भयावह कोरोना काल में सेहत का ध्यान रखना अति आवश्यक है। यदि आपको अपनी जान प्यारी है तो अंजान लोगों के साथ होली खेलने से परहेज करें।
यह कहना है स्वास्थ्यगत मुद्दों को समुदाय तक ले जाने के अभियान में जुटे केंद्रीय होम्योपैथी परिषद के पूर्व सदस्य वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. अनुरुद्ध वर्मा का। गुरुवार को उन्होंने कहा कि कोरोना काल में होली मनाएं, मगर सेहत का भी ख्याल रखें। कोरोना के प्रति सजगता बरतने की अपील करते हुए कहते हैं कि इस वर्ष होली कुछ अलग तरीके ही से मनानी पड़ेगी। अभी कोरोना का संक्रमण समाप्त नहीं हुआ है और दूसरी लहर ने भी दस्तक दे दी है।
स्विमिंग पूल वाली होली न खेलें
उन्होंने कहा कि केवल परिजन एवं जान-पहचान वालों के साथ ही होली मनाएं। बाहरी और अनजान लोगों के साथ होली खेलने से परहेज करें। होली खेलने या रंग लगाने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि उसे सर्दी-ज़ुखाम, बुखार, खांसी, गले में खराश आदि तो नहीं है। पानी वाली गीले रंगों, रेन डांस एव स्विमिंग पूल वाली होली न खेलें। इससे बीमार होने एवं संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। यदि आपमें इनमें से कोई लक्षण हो तो होली बिल्कुल न खेलें। अकेले में रहें एवं चिकित्सक से सलाह लें।
हाथ जोड़कर नमस्ते कर दें बधाई
उन्होंने सलाह दी कि संक्रमण के खतरे को देखते हुए गले न मिलें। हाथ न मिलाएं। हाथ जोड़कर ही नमस्ते कर बधाई दें। यदि रंग खेलते भी हैं तो मास्क अवश्य लगाए रहें। संक्रमण के खतरे को देखते हुए भीड़-भाड़, होली के मेलों, मॉल में जाने से परहेज करें। ठंड़ी चीजों जैसे कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम, बर्फ आदि से परहेज करें, क्योंकि इससे गला खराब हो सकता है।
डॉ. वर्मा ने हिदायत देते हुए कहा कि खाने-पीने की बाजार की चीजों के बजाय घर पर बनी चीजों का प्रयोग ही करें। शराब आदि बिल्कुल न पीएं। गुनगुना पानी पीएं। पर्याप्त नींद लें। कोरोना का टीका आ गया है, उसको अवश्य लगवा ले, परंतु सावधनियां अवश्य अपनाएं।
कोरोना काल में रखें सेहत का ख्याल, अनजान के साथ होली खेलने से करें परहेज
RELATED ARTICLES
