वाराणसी (हि.स.)। कोरोना काल के दौरान मृत नागरिकों के आत्मा की शान्ति के लिए सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अस्सीघाट पर श्राद्ध और तर्पण किया।
पितृ पक्ष में पार्टी के कैंट विधानसभा के युवा नेता प्रियांशु यादव के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने घाट पर श्राद्ध करने के बाद गंगा नदी में उतर कर तर्पण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मृत आत्माओं की शांति के लिए मां गंगा से प्रार्थना भी की।
प्रियांशु यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार कोरोना काल में गंगा किनारे दफनाए गए शव एवं गंगा में बह गए शव को कोरोना से मृत मानने से इनकार करते हुए अपनी संवेदनहीनता दिखा दी है। ऐसे मृत लोगों के प्रति समाजवादी पार्टी संवेदनशील है और उनकी आत्मा की शांति के लिए तर्पण किया। इसमें समाजवादी शिक्षक सभा के संजय प्रियदर्शी, पूर्व पार्षद वरुण सिंह,सोनू सोनकर आदि शामिल रहे।
