– ट्रेनों की 30 से 40 प्रतिशत टिकटों की बिक्री पर पड़ा असर
लखनऊ (हि.स.)। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण और ठंड की वजह से लखनऊ जंक्शन और चारबाग रेलवे स्टेशन से चलने और गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या लगातार घट रही है। इसके अलावा रोडवेज बसों में भी यात्रियों की संख्या घट रही है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण और कड़ाके की ठंड की वजह से चारबाग रेलवे स्टेशन और लखनऊ जंक्शन के प्लेटफॉर्मों पर इस समय कम यात्री ही ट्रेन पकड़ने आ रहे हैं। दोनों स्टेशनों पर आने और जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की कमी के चलते डिब्बे खाली जा रहे हैं। लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड का असर कम दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ने लगा है। इनमें दैनिक यात्रियों की संख्या लगातार गिरती जा रही है। रेलवे स्टेशनों की टिकट खिड़कियों पर भीड़ नदारद है।
लखनऊ जंक्शन और चारबाग रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से मिली जानकारी के मुताबिक, 30 से 40 प्रतिशत तक टिकटों की बिक्री पर असर पड़ा है। यही वजह है कि कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में लगाए गए जनरल के डिब्बे इन दिनों खाली जा रहे हैं। लखनऊ-झांसी, सीतापुर, प्रतापगढ़, वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस के अलावा अन्य कम दूरी की ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या घट गई है।
रेलवे के मुताबिक, इस समय दो कारणों से यात्रियों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पहला कोविड का डर और दूसरा कड़ाके की ठंड के प्रकोप का जारी रहना। विगत एक सप्ताह से टिकटों की बिक्री पर असर पड़ा है। अब दैनिक यात्री भी ट्रेनों से सफर करने से कतरा रहे हैं। लखनऊ मंडल के एक वरिष्ठ रेल अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने पुष्पक एक्सप्रेस सहित अधिक भीड़ वाली ट्रेनों की निगरानी बढ़ा दी है, ताकि कम वेटिंग के टिकट जारी करके ट्रेनों में शारीरिक दूरी बनाई जा सके।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की लखनऊ से कई शहरों के लिए चलने वाली बसों में कोरोना, कोहरा और ठंड की वजह से यात्रियों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। यात्रियों की कमी के चलते रोजाना 20 प्रतिशत बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे रोडवेज को राजस्व का नुकसान हो रहा है। लखनऊ क्षेत्र से दिल्ली, गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली, वाराणसी, मुरादाबाद और आगरा सहित कई अन्य शहरों के लिए चलने वाली बसों में यात्रियों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। कोरोना संक्रमण बढ़ने और ठंड की वजह से करीब दो सौ बस सेवाओं पर ब्रेक लग गया है। यात्रियों की कमी से करीब दर्जनभर रूटाें पर अक्सर बसें निरस्त की जा रही हैं। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस का कहना है कि यात्रियों के अभाव में रोजाना करीब 20 प्रतिशत बस सेवाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है। यात्रियों की कमी के चलते लखनऊ से आठ शहरों के लिए चलने वाली नॉन-स्टॉप बसों को शहर के अंदर से संचालित किया जा रहा है।
दीपक
