Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकोचिंग गया छात्र 20 दिन बाद भी नहीं लौटा घर

कोचिंग गया छात्र 20 दिन बाद भी नहीं लौटा घर

-पुलिस ने सुरियावां रेलवे स्टेशन से छात्र की बरामद की है साईकिल

-परिजनों ने छात्र के अपहरण होने की जताई आशंका

भदोही (हि.स.)। कोचिंग गया छात्र तकरीबन 20 दिन बाद भी घर नहीं लौटा। पुलिस संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चुपचाप बैठी है। गायब छात्र 12वीं कक्षा में पढ़ता है। परिजनों ने अपहरण की आशंका जतायी है।

सुरियावां थाना क्षेत्र के कौडर गांव निवासी संदीप सिंह का बेटा वैभव सिंह बारहवीं कक्षा का छात्र है। दादा शुभवंत सिंह के अनुसार वह 29 दिसंबर को घर से कोचिंग करने के लिए निकला था। 20 दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक वह घर वापस नहीं आ सका है। पुलिस ने उसकी साइकिल सुरियावां रेलवे स्टेशन से बरामद की है। परिजनों ने पुलिस को दी गई गुमशुदगी में आशंका जताई थी कि वह अपने बुआ के पास लखनऊ जा सकता है। वहां भी नहीं गया है।

दादा शुभवंत सिंह रिटायर्ड कलेक्ट्रेट कर्मचारी हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उनका पोता जहरखुरानी गिरोह के हाथ भी लग सकता है या फिर उसका अपहरण हुआ होगा। संभावित स्थानों पर खोजबीन की गयी है। कुछ पता नहीं चला है। इस वजह से परिजन किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।

शुभवंत सिंह ने बातचीत में आरोप लगाया है कि पुलिस का रवैया संवेदना शून्य है। इस मामले में पुलिस ने सिर्फ गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर चुप बैठी है। अभी तक बच्चे को खोज नहीं पायी है। इस मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक भदोही डॉ अनिल कुमार से हस्तक्षेप करने की मांग की है।

सुरियावां थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि, इस मामले में एफआईआर दर्ज कर की जा चुकी है। जांच अधिकारी इस मामले में जांच कर रहे हैं। छात्र की साइकिल भी सुरियावां रेलवे स्टेशन से बरामद की गई है। इससे साबित होता कि छात्र कहीं न कहीं ट्रेन से गया है। पुलिस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

प्रभुनाथ

RELATED ARTICLES

Most Popular