Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकैरम बोर्ड फैक्ट्री में भीषण आग से लाखों का सामान जलकर राख

कैरम बोर्ड फैक्ट्री में भीषण आग से लाखों का सामान जलकर राख

मेरठ़ (हि.स.)। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम में रविवार की देर रात कैरम बोर्ड बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग से फैक्ट्री का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

नौचंदी थाना क्षेत्र की फूलबाग कॉलोनी निवासी रमेश की ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम सेक्टर तीन में कैरम बोर्ड बनाने की फैक्ट्री है। रविवार की देर रात कैरम बोर्ड फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग लगने से आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई और लोग अपने मकानों से निकलकर बाहर निकल आए। आग इतनी भयंकर थी कि लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी। सूचना पर ब्रह्मपुरी पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। फैक्ट्री मालिक भी बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचा। आसपास के लोग भी आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। तब तक फैक्ट्री का लाखों रुपये का सामान जल गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। जबकि फैक्ट्री मालिक का कहना है कि वह रात में घर जाते समय बिजली की लाइन को काट कर गए थे। इसके बाद भी आग लगने की बात समझ से परे हैं। फायर ब्रिगेड के अधिकारी आग लगने के कारणों की पड़ताल कर रहे हैं।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular