गंदगी और उपकरणों के रखरखाव सही नहीं पाये जाने पर सुधार लाने का दिया निर्देश
बिजली की स्थित खराब होने का ठीकरा पूर्व की सरकारों पर फोड़ा
आजमगढ़(हि.स.)। प्रदेश के काबीना मंत्री व आजमगढ़ जनपद के प्रभारी मंत्री संजय निषाद आज दोपहर में आजमगढ़ जनपद पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी, व उपकरणों के रखरखाव में गंदगी मिली। जिस पर उन्होंने सीएमएस को इसमें सुधार लाने का निर्देश दिया। जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद कैबिनेट मंत्री ने स्थिति को संतोषजनक बताया। साथ ही कहा कि अस्पताल में और सुधार की जरूरत है, जिसके बारे में हिदायत दी गयी है।
आजमगढ़ जनपद में समीक्षा बैठक में भाग लेने आये प्रदेश के काबिना मंत्री संजय निषाद जिला अस्पताल में पहुचे। वे अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड व वार्डो में भर्ती मरीजों से मिले। इस दौरान उन्होंने मरीजों से अस्पताल में दवा, भोजन, जांच की जानकारी ली। मरीजों ने मंत्री को बताया कि दवा, भोजन मिलता है, कुछ जांचें बाहर से होती हैं। इसके बाद वे एक्सरे कक्ष का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां एक्सरे कक्ष बंद मिला। वहीं वार्डो के निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर भर्ती मरीज के बाद गंदगी मिली। हालांकि वहां सफाई कर्मचारी मौजूद थी। इसके साथ ही अन्य विभागों का उन्होंने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रखरखाव सही नहीं मिला। जिस पर उन्होंने एसआईसी डाॅ. अनूप सिंह को निर्देश दिया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में और सुधार की जरूरत है। जिसे जल्द से जल्द सुधारा जाय।
निरीक्षण के बाद बाहर निकले कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि अस्पताल का निरीक्षण किया गया है, मरीजों से बात हुई है। उनको दवा इलाज मिल रहा है। स्थिति संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि चिकित्सा व्यवस्था नम्बर एक पर रहे । जिले में पिछले 15 दिनों से लगातार बिजली की व्यवस्था बदतर होने के सवाल पर उन्होंने इसका ठीकरा पूर्व की सरकारों पर फोड़ा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के हाथों में 70 साल से सरकार थी, वे लोग जहां छोड़कर गये थे , उनसे हम बेहतर करेंगेऔर आगे और भी बेहतर होगा।
राजीव
