बस्ती (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने शनिवार को कहा है कि विकास कार्यों को करवाने के लिए सरकार के पास धन की कमी नहीं है। विकास कार्यों को निरन्तर बढ़ावा मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने 22 परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
शनिवार को कुआनों नदी के अमहट घाट के परिसर में आयोजित लोक निर्माण विभाग एवं उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड की 13 हजार चार सौ 39 लाख 90 हजार की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि केन्द्र की मोदी तथा प्रदेश की योगी सरकार विकास कार्यों को निरन्तर बढ़ावा दे रही है। धन की कमी नहीं होने पा रही है। प्रदेश के सभी गांवों को पक्के मार्ग से जोड़ने का कार्य निरन्तर चल रहा है जो सम्पर्क मार्ग खराब हो गये हैं। उसको भी बनवाने का कार्य कराया जा रहा है। पूर्व की गैर भाजपा सरकारें सड़कों के निर्माण में सौतेला व्यवहार करती थीं, लेकिन जब से भाजपा केन्द्र और प्रदेश में आयी है, तब से विकास कार्यों को बढ़ावा मिला है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व मे महिला आरक्षण बिल एक ही बार में पास हो गया। महिलाओं को सम्मान देने के लिए अगर कोई कार्य कर रहा है तो वह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की सरकारें कर रही हैं। उन्होंने कहा कि 2024 में लोकसभा चुनाव है जो बहुत ही महत्वपूर्ण है। ये चुनाव आने वाली पीढ़ी के भविष्य का चयन करेगी, लेकिन विपक्षी सर्द मौसम में साइबेरिया पक्षी की तरह आयेंगे और चले जायेंगे। विपक्ष के पास कोई मुद्दा ही नहीं है कि वह अपनी बात कह सके।
कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बस्ती से सांसद हरीश द्विवेदी,हर्रैया के विधायक अजय सिंह,अध्यक्ष जिला पंचायत संजय चौधरी सहित अन्य लोगों ने सम्बोधित किया।
महेन्द्र/दीपक/सियाराम
