Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकेमिकल फैक्ट्री में आग लगने से लाखों की सम्पत्ति खाक

केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से लाखों की सम्पत्ति खाक

कानपुर (हि.स.)। फीलखाना थाना क्षेत्र के माल रोड स्थित मेघदूत परिसर में चल रही अवैध श्याम केमिकल्स फैक्ट्री में शुक्रवार भोर में अचानक आग लगने से पूरी सम्पत्ति जलकर खाक हो गई। आस पास के घरों भी आग फैल गई। सूचना पर पहुंचे अग्नि शमन दस्ता और पुलिस की सतर्कता से किसी आग पर काबू पा लिया गया। फैक्ट्री में रीशा ऑयल मच्छर मारने का तेल ग्लिसरीन आदि बनता है।

मालरोड स्थित प्रवीण गुप्ता की श्याम केमिकल्स के नाम से कारखाना है। जिसमें रीशा ऑयल मच्छर मारने का तेल, ग्लिसरीन आदि बनती हैं। फैक्ट्री में बीती रात लगभग एक बजे बेसमेन्ट आग लग गई। धीरे धीरे आग विकराल हो गई। आग का गुब्बार तेजी से फैलने लगा और आस पास के घरों में धुंआ पहुंचा तो लोगों की नींद टूटी। आग देख लोगों ने पुलिस एवं अग्निशमन दल को सूचना दी। सूचना पर अग्निशमन दस्ता एवं स्थानीय पुलिस बल पहुंचा और लोगों को सबसे पहले बाहर निकाला। दमकल ने आग पर काबू पाने के लिए पानी की बौछार शुरू की।

फीलखाना थाना प्रभारी अमित भड़ाना ने बताया कि कारखाने में मौजूद सारा सामान जलकर खाक हो गया। कारखाने के पास स्थित घरों में भी आग फैली थी, लेकिन अतिशीघ्र उस पर काबू पा लिया गया। इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। बगल में रहने वाले डॉ राजीव कक्कर तथा नाथ चश्मे वाले और अधिवक्ता रवि गोस्वामी का घर फायर ब्रिगेड व पुलिस की सतर्कता से बच गया।

फैक्ट्री के मालिक प्रवीण गुप्ता का आग लगने के बाद दबंगई भरा बयान सामने आया है। प्रवीण ने कहा कि मैं पुलिस प्रशासन और शासन सबको संभाल लूंगा, पैसे में बहुत दम है और मेरे पास बहुत पैसा है। इतनी आग में हुआ नुकसान मैं 1 साल में कवर कर लूंगा।

आवासीय क्षेत्र में पिछले 50 साल से यह अवैध रूप से फैक्ट्री चल रही है, जिसकी कई बार शिकायत की गई। लेकिन प्रशासन ने कोई कार्यवाही नहीं किया। इस कारखाने में डेढ़ वर्ष पूर्व भी आग लगी थी, जिसमें केमिकल के चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई थी। उस समय भी शिकायत की गई थी लेकिन अपने वर्चस्व से मृतक के परिवार को धमका कर और अपने रसूक के चलते कार्यवाही से बच गया था। कारखाने के पास रह रहे लोगों ने मांग किया है कि इसके स्वामी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

राम बहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular