रोजगार मेले में आए नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने प्रधानमंत्री मोदी का सम्बोधन लाइव देखा
वाराणसी में 100 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया
वाराणसी(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वर्चुअल ‘रोजगार मेला’ के तहत सरकारी विभागों में नव नियुक्त 71,206 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान कर उन्हें सम्बोधित भी किया। रोजगार मेला वाराणसी सहित देश भर के 45 शहरों में आयोजित हुआ। वाराणसी में डाक विभाग के तत्वावधान में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर स्थित सिनेमा क्लब में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ।
केन्द्रीय मंत्री डॉ महेन्द्रनाथ पांडेय,शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी और आयोजन के नोडल अधिकारी वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव की मौजूदगी में अभ्यर्थियों ने प्रधानमंत्री मोदी का सम्बोधन सुना। रोजगार मेला में केन्द्रीय मंत्री ने 25 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। कुल 100 अभ्यथियों को नियुक्ति पत्र कार्यक्रम में दिया गया। कार्यक्रम में नौकरी पाने वाले अभ्यर्थियों ने अपनी खुशी और विचारों को साझा किया। और नियुक्ति पत्र मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार भी जताया।
इस दौरान केन्द्रीय मंत्री डॉ महेन्द्रनाथ पांडेय ने मीडिया कर्मियों को बताया कि पूरे देश में 71206 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया है। 100 से अधिक नवनियुक्त अभ्यर्थियों को वाराणसी में नियुक्ति पत्र दिया गया है। यह रोजगार मेला, रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। उम्मीद है यह युवाओं को राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के वादे के क्रम में दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी है। केन्द्र सरकार अपने लक्ष्य 10 लाख सरकारी नौकरियों को 2024 तक पूरा कर लेगी।
कर्नाटक में भाजपा की हार से जुड़े सवाल पर डॉ पांडेय ने कहा कि कर्नाटक में काफी विकास कार्य हुए हैं, जो हार हुई है उसे स्वीकार किया जा रहा है। इस पर मंथन किया जा रहा है कि कहां पर गलती हुई है। कर्नाटक के पिछले चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी।
देशभर से चयनित नव-नियुक्तों को ग्रामीण डाक सेवक, डाक निरीक्षक, वाणिज्यिक व टिकट लिपिक, कनिष्ठ लिपिक, टंकक, कनिष्ठ खाता लिपिक, ट्रैक मेंटेनर, सहायक सेक्शन अधिकारी, अवर श्रेणी लिपिक, उप मंडलाधिकारी, कर सहायक, सहायक प्रवर्तन अधिकारी, इंस्पेक्टर, नर्सिंग अधिकारी, सहायक सुरक्षा अधिकारी, दमकल अधिकारी, सहायक खाता अधिकारी, सहायक लेखा परीक्षण अधिकारी, मंडलीय खाता निरीक्षक, लेखा परीक्षक, कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, सहायक कमानडेंट, प्रधानाध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक, सहायक पंजीयक, सहायक प्रोफेसर आदि पदों का नियुक्ति पत्र दिया गया। रोजगार मेला, रोजगार सृजन को उच्च प्राथमिकता देने के प्रति प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक पहल है।
श्रीधर/पदुम नारायण
