लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के चुनाव प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान बुधवार को राजधानी लखनऊ पहुंच गये हैं। उनके स्वागत में एयरपोर्ट पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, पार्टी के प्रदेश महासचिव जेपीएस राठौर, गोविन्द नारायण शुक्ला समेत अन्य नेता भी पहुंचे। 2022 के चुनाव की दृष्टि से उनका यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यूपी भाजपा के चुनाव प्रभारी बनाये जाने के बाद वह पहली बार लखनऊ प्रवास पहुंचे हैं।
प्रदेश के चुनाव प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के अलावा पार्टी के प्रदेश चुनाव सहप्रभारी व केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, अर्जुनराम मेघवाल, राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय, केन्द्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे, कैप्टन अभिमन्यु, केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी व राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर भी पहुंच रहे हैं।
पार्टी के राज्य मुख्यालय पर बुधवार को संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गयी हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान की मौजूदगी में होने वाली बैठकों में सभी प्रदेश सह चुनाव प्रभारी, सभी सह प्रभारी, सभी क्षेत्रीय संगठन प्रभारी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
