-कृषि मंत्री ने देर रात की समीक्षा बैठक
कुशीनगर(हि. स.)। प्रदेश के कृषि , कृषि शिक्षा व कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने सर्किट हाउस में बैठक कर जिले में यूरिया, डीएपी की उपलब्धता व वितरण, धान क्रय, बरवा फार्म पर चल रहे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर पोटेटो के निर्माण समेत कृषि से जुड़े अनेक बिंदुओं की समीक्षा की और अधिकारियों को समुचित निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री को अवगत कराया गया कि जिले में 10,735 मीट्रिक टन यूरिया तथा कॉपरेटिव क्षेत्र में 857 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है, किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हे पर्याप्त मात्रा में उर्वरक मिल सके इस संबंध में सख्त निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि 65 क्रय केन्द्र के माध्यम से 6747 कृषकों से 26568 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है । जनपद का लक्ष्य 1 लाख 10 हज़ार मीट्रिक टन धान की खरीद का है। मंत्री ने फ्लो बढ़ाने का निर्देश दिया।
स्टॉक में मौजूदगी के बाद भी यूरिया व डीएपी खाद के अभाव की आ रही शिकायत पर मंत्री ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। मंत्री ने सीडीओ गुंजन द्विवेदी व एडीएम देवीदयाल वर्मा को निर्देश दिया कि सभी एसडीएम को धान क्रय केंद्र व यूरिया वितरण केंद्रों पर भेजकर निगरानी कराएं। प्रत्येक वितरण केंद्र पर हर समय बोर्ड पर स्टॉक, क्रय दर अंकित कराने का निर्देश दिया। कहा कि इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों का वेतन बाधित करें और प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करें। मंत्री ने सीडीओ को बरवा फार्म पर चल रहे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर पोटेटो के निर्माण कार्य की निगरानी के निर्देश दिए। कहा कि ध्यान रखें कार्यदाई संस्था केवल सिविल वर्क तक ही न सीमित रहे बल्कि तकनीकी वर्क भी करें जिससे सेंटर के निर्माण का असली फायदा किसानों को मिल सके।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र, जिला कृषि उप निदेशक आशीष श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी बाबूराम मौर्य, डिप्टी आरएमओ विनय कुमार, जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी,सहकारिता, कृषि, विपणन व उद्यान विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
गोपाल
