– दिशा बैठक में योजनाओं की हुई समीक्षा
रायबरेली(हि. स.)। केंद्रीय मंत्री व अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी रविवार को रायबरेली पहुंचीं।उन्होंने यहां क्रिप्टो केयर सेंटर का उद्घाटन किया और जिला निगरानी व अनुश्रवण समिति(दिशा) की 9 महीने बाद हो रही बैठक में हिस्सा लिया।केंद्रीय मंत्री का स्वागत गार्ड ऑफ़ ऑनर से हुआ।
उन्होंने इसके बाद क्रिप्टो केयर सेंटर का उद्घाटन किया और उपस्थित अधिकारियों से जनसरोकार के प्रति गंभीरता से काम करने को कहा।स्मृति ईरानी ने कहा कि जनता का हित ही सर्वोपरि होना चाहिए और सभी को इसके लिए मिलकर काम करना होगा।केंद्रीय मंत्री इसके बाद सीधे बचत भवन पहुंची।यहां उनका स्वागत राज्य मंत्री(स्वंत्रत प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने किया। और वहां आयोजित दिशा बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में उन्होंने विकास की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और अधिकारियों को निर्देश दिये।बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए और नए योजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में जो योजनाएं चल रही हैं वह आम लोगों तक आसानी से उपलब्ध होनी चाहिये। बैठक में जिले के अधिकतर विधायक व अन्य सदस्यों के साथ ही अधिकारी भी मौजूद थे।इसी बीच बैठक में मौजूद खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत कुमार सिंह अपने मोबाइल से रिकार्डिंग करते दिखे जिससे केंद्रीय मंत्री नाराज हो गईं और तत्काल उन्हें निलंबित करने का निर्देश उच्च अधिकारियों को दे दिया।
सपा विधायक मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि अधिकारी मोबाइल से रिकाॅर्डिंग कर रहा था।सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें निलंबित करने का निर्देश केंद्रीय मंत्री ने दिया है।बैठक में राज्यमंत्री(स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह,विधायक मनोज पांडे,विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक अदिति सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
रजनीश
