लखनऊ(हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के आयाम विकासार्थ विद्यार्थी (एसएफडी) की ओर से लखनऊ के डॉ. ए.पी.जे.अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में एक अप्रैल से राष्ट्रीय पर्यावरण सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय इस सम्मेलन में एसएफडी के जरिए पर्यावरण क्षेत्र में काम करने वाले देशभर के 300 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
एसएफडी अवध प्रांत के संयोजक अतुल सोनी ने सोमवार को बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन एक अप्रैल को अभाविप के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रफुल्ल अकांत और एसएफडी के राष्ट्रीय संयोजक राहुल गौड़ करेंगे। सम्मेलन के दूसरे दिन केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। इस आयोजन को सृष्टि मंथन नाम दिया गया है।
सृष्टि मंथन एक ऐसा मंच है जहां छात्र कार्यकर्ता, नीति निर्माता, पर्यावरणविद और उत्साही पर्यावरणीय मुद्दों जैसे कि जलवायु संकट, जैव विविधता संसाधन प्रबंधन आदि पर चर्चा करने के लिए इकट्ठा होते हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय ज्ञान प्रणाली के आधार पर पर्यावरण की रक्षा कैसे हो सकती है, सम्मेलन में चर्चा की जाएगी।
बृजनन्दन
