लखनऊ(हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ए.नारायण स्वामी ने मंगलवार को योजना भवन में समीक्षा बैठक की। इस बैठक में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के अलावा समाज कल्याण विभाग, पंचायतीराज विभाग, दिव्यांग कल्याण एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान समाज कल्याण विभाग से संचालित मुख्य योजनाओं सर्वाेदय विद्यालय संचालन, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, छात्रवृत्ति योजना इत्यादि के साथ ही केंद्र सरकार से संचालित श्रेयस, अवयव, श्रेष्ठा, स्माइल, पीएम यशस्वी एवं पीएम-अजय इत्यादि की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि समाज कल्याण विभाग समय-समय पर टीम गठित कर कर्नाटक व अन्य राज्यों के आवासीय विद्यालयों का भ्रमण कर योजना को और अधिक प्रभावी बनाएं। उन्होंने स्माइल योजना के संबंध में ट्रांसज़ेण्डर समुदाय का प्रमाण पत्र जारी कर योजनाओं का लाभ दिलाते हुए उन्हें मुख्यधारा में लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा में विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं के प्रचार-प्रसार किए जाने एवं पात्र लाभार्थियों को लाभ देने में आ रही कठिनाइयों पर विमर्श किया गया। समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण ने आश्वस्त किया कि योजनाओं को पूर्ण मानक एवं प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जा रहा है और प्रयास किया जा रहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनहित की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने से वंचित न रहे।
समीक्षा के बाद श्री स्वामी ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत चयनित ग्राम सिरसा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत की आवश्यकता के अनुसार वीडीपी का अनुमोदन कराते हुए कार्य कराए जाने, विभिन्न विभागों की योजनाओं से आदर्श ग्रामों को संतृप्त करने एवं अभिसरण के माध्यम से समस्त मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं ,केंद्रीय मंत्री ने भागीदारी भवन में प्रबुद्ध नागरिक संवाद भी किया। अमृत काल में सामाजिक न्याय का स्वरूप क्या हो, इस पर चर्चा-परिचर्चा हुई। इस दौरान उन्होंने अपने सुझाव दिए जिसे लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना।
दीपक/सियाराम
