Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकेंद्रीय पर्यटन मंत्री ने किया महाभारत कालीन स्थलों का भ्रमण

केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने किया महाभारत कालीन स्थलों का भ्रमण

मेरठ(हि.स.)। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने सोमवार को मेरठ में महाभारत कालीन स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने इन ऐतिहासिक स्थलों के विकास की संभावनाओं को टटोला। बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के प्रवासी प्रभारी केंद्रीय मंत्री सोमवार की रात को हस्तिनापुर में रात्रि विश्राम करेंगे।

2019 के लोकसभा चुनाव में हारी सीटों को फिर से हासिल करने के लिए भाजपा ने दिग्गज केंद्रीय मंत्रियों की टीमों को मैदान में उतार दिया है। बिजनौर लोकसभा सीट पर 2019 में बसपा के मलूक नागर विजयी हुए थे। मेरठ की हस्तिनापुर सुरक्षित विधानसभा सीट बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। बिजनौर लोकसभा के प्रवासी प्रभारी केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक सोमवार को मेरठ पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। प्रदेश के जलशक्ति राज्य मंत्री और हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक के साथ केंद्रीय मंत्री ने सबसे पहले किला परीक्षितगढ़ पहुंच कर महाभारत कालीन स्थलों का भ्रमण किया।

इस दौरान उन्होंने गांधारी तालाब को देखा और उसके बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने गोशाला का भ्रमण करके गोवंश को गुड़ खिलाया। श्रृंगि ऋषि आश्रम में पहुंच कर केंद्रीय मंत्री ने तालाब को देखा और उसके इतिहास की जानकारी ली। इसके बाद नवलदेह कूप का भ्रमण किया। केंद्रीय मंत्री ने महाभारत कालीन ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानकारी हासिल की।

जल शक्ति राज्य मंत्री ने इन ऐतिहासिक स्थलों का विकास नहीं होने का मुद्दा उठाया। केंद्रीय मंत्री ने इन स्थलों का विकास कराने का आश्वासन दिया। केंद्रीय मंत्री हस्तिनापुर में पांडवेश्वर टीले पर एएसआई द्वारा की गई खुदाई को भी देखेंगे। इसके बाद रात्रि में हस्तिनापुर में ही विश्राम करके बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के बारे में कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे।

इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बनीवाल, जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, रामपाल त्यागी, परीक्षितगढ़ नगर पंचायत चेयरमैन अमित मोहन टीपू, योगेश त्यागी, बोबी पाल आदि उपस्थित रहे।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular