Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेश कृषि मंत्री ने मार्च के अंतिम सप्ताह तक बजट व्यय करने का...

 कृषि मंत्री ने मार्च के अंतिम सप्ताह तक बजट व्यय करने का दिया निर्देश

-कृषि मंत्री तथा अपर मुख्य सचिव द्वारा कृषि तथा अनुषांगिक विभागों की ली गई समीक्षा बैठक

-देवेश चतुर्वेदी ने कहा, केंद्र सरकार का बजट यदि नहीं हुआ व्यय तो उसी अनुपात में कम हो जाएगा

लखनऊ(हि.स.)। कई परियोजनाओं में पिछले वर्ष में जारी बजट का बड़ा हिस्सा खर्च न हो पाने के कारण कृषि विभाग के मंत्री सूर्य प्रताप शाही और उच्चाधिकारियों की चिंता बढ़ गयी है। इसको लेकर समीक्षाओं का दौर चल रहा है। गुरुवार को हुई बैठक में कृषि मंत्री ने कहा कि मार्च के अंतिम सप्ताह तक उचित मात्रा में बजट व्यय किया जाना सुनिश्चित करें।

प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को कृषि, गन्ना, उद्यान, मत्स्य एवं पशुपालन विभागों में राष्ट्रीय कृषि विकास योजनांतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। विधानभवन में आहूत की गई बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए आवंटित बजट के सापेक्ष किए गए कार्यों की वित्तीय तथा भौतिक प्रगति की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्च के अंतिम सप्ताह तक उचित मात्रा में बजट व्यय किया जाना सुनिश्चित करें।

अपर मुख्य सचिव कृषि डॉ. देवेश चतुर्वेदी ने कहा कि संबंधित योजनाओं के अंतर्गत आवंटित बजट की राशि को यदि नियत समय तक खर्च नहीं किया गया तो भविष्य में केंद्र सरकार द्वारा बजट को उसी अनुपात में कम कर दिया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि मद के सापेक्ष कार्य किए जा चुके हैं तो अवशेष बजट इसी सप्ताह स्वीकृत कराकर उसका व्यय सुनिश्चित करें। इस बैठक में अपर मुख्य सचिव कृषि डॉ. देवेश चतुर्वेदी, कृषि निदेशक वीके सिंह तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

उपेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular