Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकृषि मंत्री अचानक पहुंचे कानपुर नौबस्ता गल्ला मंडी, निरीक्षण कर किसानों-व्यापारियों से...

कृषि मंत्री अचानक पहुंचे कानपुर नौबस्ता गल्ला मंडी, निरीक्षण कर किसानों-व्यापारियों से किया संवाद

– व्यापारियों ने मंडियों की जमीन पर दुकानों की उठाई मांग, मंत्री ने अफसरों से प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश

कानपुर (हि.स.)। झांसी दौरे पर जा रहे कृषि एवं विपणन मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह अचानक कानपुर के नौबस्ता स्थित गल्ला मंडी पहुंच गए। यहां पर उन्होंने मंडी कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ गल्ला व्यापारियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अफसरों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य कर व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। मंत्री से साफ कहा कि जल्द जिले की दोनों मंडियों में बदलाव दिखेगा और सहूलियतें मिलेंगी।

उप्र प्रदेश सरकार में कृषि एवं विपणन मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह बुधवार को कार द्वारा सड़क मार्ग से झांसी दौरे पर जा रहे थे। इस दौरान अचानक कानपुर पहुंचने पर उनका काफिला नौबस्ता गल्ला मंडी पहुंच गया। मंत्री को अचानक गल्ला मंडी आने की जानकारी पर मंडी समिति सचिव सुभाष सिंह समेत अन्य कर्मियों में हड़कम्प मच गया। आनन फानन मंडी समिति कार्यालय में मंत्री का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया।

कृषि एवं विपणन मंत्री ने गल्ला मंडी पहुंचने पर कार्यालय का निरीक्षण किया और कामकाज का जायजा लिया। यहां पर मंत्री ने गेंहू क्रय केंद्र पहुंचकर किसानों और व्यापारियों से सीधी बात की। साथ ही किसानों की समस्याओं को मंत्री ने सुना। उन्होंने अधिकारियों को निस्तारण के आदेश दिए। व्यापारियों ने चकरपुर मंडी में खाली जमीन पर दुकानें बनाने का प्रस्ताव मंत्री को दिया।

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों और व्यापारियों से जुड़ी सभी समस्याओं का सरकार द्वारा निस्तारण कराया जाएगा। मंडी की खाली जगह पर दुकानें बनाकर लोगों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। चकरपुर मंडी व नौबस्ता की मंडी में और अधिक सहूलियतों व्यापारी व किसान हित में उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य योजना बनाकर काम करने के निर्देश अफसरों को दिए गए हैं। मंडी में साफ सफाई को लेकर अधिकारियों को ओर बेहतर कराने के निर्देशित किया गया है। मंत्री के निरीक्षण के दौरान कृषि निदेशक अनिरुद्ध कुमार सिंह के साथ अन्य अफसर उपस्थित रहें।

महमूद/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular