Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने जाम किया हाईवे

कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने जाम किया हाईवे

मेरठ (हि.स.)। कृषि कानूनों के विरोध में शुक्रवार को किसानों को मेरठ में कई स्थानों पर हाईवे जाम किया। छह स्थानों पर किसानों ने सड़क पर धरना देते हुए जमकर हंगामा किया। तीन घंटे के सांकेतिक जाम के दौरान किसानों ने कृषि कानून को वापस लिए जाने की मांग उठाई।

भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ईकड़ी ने बताया कि मेरठ में शुक्रवार को छह स्थानों पर किसानों ने जाम लगाया। दौराला में फ्लाईओवर के पास किसान नेता संजय दौरालिया के नेतृत्व में किसानों ने सड़क पर धरना दिया। जानी नहर के पास किसान नेता हरेंद्र जानी के नेतृत्व में किसान धरने पर बैठे। दबथुआ में किसान नेता राम बोस के नेतृत्व में किसानों ने सड़क पर धरना दिया। वहीं जंगेठी में सतवीर जंगेठी के नेतृत्व में किसानों ने सड़क पर धरना दिया। मवाना के छोटा मवाना में किसानों ने सड़क पर धरना देते हुए हंगामा किया। वहीं परतापुर के भूड़बराल में किसान नेता दीपक चौधरी और सचिन शर्मा के नेतृत्व में किसानों ने हाईवे पर जाम लगाया। 
परतापुर में किसानों ने सीओ ब्रह्मपुरी अमित राय को ज्ञापन सौंपा। छह सूत्रीय ज्ञापन में कृषि कानून को तत्काल वापस लिए जाने, किसानों का बकाया भुगतान दिलाए जाने, किसानों को बिजली मुफ्त दिए जाने और फसलों की एमएसपी तय किए जाने की मांग प्रमुख रहीं। 
मेरठ जिले में सभी छह स्थानों पर हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली आड़ी-टेढ़ी खड़ी करके किसानों ने तीन घंटे तक जाम लगाया। हालांकि किसानों के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के चलते प्रशासन ने पहले ही सभी स्थानों पर रूट डायवर्जन कर दिया था। इसके बावजूद परतापुर क्षेत्र में काफी समय तक जाम के हालात बने रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular