मुरादाबाद (हि.स.)। बुधवार को मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति के गेट पर बिना नम्बर की कूड़े की गाड़ी में बैलेट पेपर मिलने पर हंगामा किया। मुरादाबाद की 6 विधानसभा सीटों की मतगणना मंडी समिति में 10 मार्च को संपन्न होनी है।
मिली जानकारी के अनुसार मुरादाबाद में बुधवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे के थाना मझोला क्षेत्र के लाइनपार स्थित मंडी समिति में अंदर जा रही नगर पालिका परिषद बिलारी की कचरा गाड़ी को गेट पर मौजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति के गेट पर जबरन रोक लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें एक संदूक में पोस्टल बैलेट पेपर थे।
सपाइयों का आरोप है कि यह सरकारी बैलेट पेपर हैं और बिना नंबर की कूड़े की गाड़ी में दबाकर लेकर जाया जा रहा था। इतना ही नहीं गाड़ी में तीन मतपेटी भी मौजूद थी। इसी को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर जिला अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, एसएसपी बब्लू कुमार समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल आला अधिकारियों के हस्ताक्षर के बाद संदूक को सील कर दिया गया हैं।
बिलारी से समाजवादी पार्टी के मौजूदा विधायक व वर्तमान प्रत्याशी मोहम्मद फहीम ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है। जिलाअधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
निमित जायसवाल
