Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर: होटल मामले में पुलिसकर्मियों पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज

कुशीनगर: होटल मामले में पुलिसकर्मियों पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज

कुशीनगर (हि.स.)। जिले के कसया ओवरब्रिज के नीचे बीते मंगलवार की रात होटल में खाना खाते समय एक परिवार व पुलिस के साथ मारपीट की घटना के मामले में दूसरे पक्ष की तहरीर पर पुलिसकर्मियों पर भी मुकदमा दर्ज हुआ है। 

परिवार की लड़कियों ने तीन अज्ञात के विरुद्ध छेड़खानी, मारपीट व गाड़ी क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया था। उन्होंने न्याय के लिए न्यायालय से लेकर पुलिस अधीक्षक तक न्याय के लिए गुहार लगाई थी। घटना के चार दिन बाद शुक्रवार की रात उपमा सिंह निवासी देवरिया के पथरदेवा की तहरीर पर छेड़खानी सहित विभिन्न धाराओं में कसया पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। 
परिवार बुद्ध नगरी कुशीनगर दर्शन करने आया था। रात को लगभग नौ बजे होटल में खाना खाते समय घटना घटित हुई थी। लड़की का आरोप है कि बगल की बेंच पर बैठे तीन अज्ञात लोगों ने अश्लील हरकत करते हुए छेड़खानी की, परिवार के स्वजन व भाइयों ने विरोध किया तो मारने लगे गाड़ी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए। कहने लगे कि वह लोग पुलिस के लोग हैं, उन्हें जबरन बैठा लिया फोन कर थाने से पुलिस बुलाई और थाने ले जाकर वहां भी मारपीट की। 
मामले में चौकी प्रभारी नागेंद्र गौंड की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रात ही परिवार के छह लोगों के विरुद्ध लूट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अगले दिन बुधवार को उन्हें प्रभारी एसीजेएम शोभित राय के कोर्ट में प्रस्तुत किया। रिमांड को लेकर लड़कियां पहुंची और न्यायालय के समक्ष रो रोकर आप बीती बयां की। न्यायालय ने तीन लड़कियों के अतिरिक्त कोर्ट में पेश किए, सभी लड़कों का बयान दर्ज कराया। 
रिमांड प्रपत्र एवं तहरीर का अवलोकन करने के बाद पुलिस द्वारा दर्ज लूट का मुकदमा खारिज कर दिया। शेष मामलों में लड़के जेल भेज दिए गए। मामला हाई प्रोफाइल होने पर गुरुवार को डीआईजी रेंज राजेश डी मोदक ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की। उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ने हाइवे चौकी प्रभारी नागेंद्र गोंड़ को लाइन हाजिर एवं चौकी के सिपाही रमेश यादव व पुलिस लाइन से होटल में दावत खाने आए कमलेश यादव को निलम्बित कर दिया। 
इस सम्बन्ध में सीओ कसया पीयूष कान्त राय ने बताया लड़कियों ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी थी। इनके आदेश पर तीन अज्ञात के विरुद्ध छेड़खानी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम करवाई की जा रही है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular