Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर : योगी ने परखी प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की तैयारियां

कुशीनगर : योगी ने परखी प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की तैयारियां

– बुद्ध पूर्णिमा 16 मई को कुशीनगर आ रहे प्रधानमंत्री

कुशीनगर (हि. स.)। बुद्ध पूर्णिमा के दिन जनपद आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जिले में पहुंचकर तैयारियां व सुरक्षा व्यवस्था परखी। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के बाद एयरपोर्ट लाउंज में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया।

प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर प्रशासनिक अमला एक सप्ताह से तैयारियों में जुटा है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री का मिनट टू मिनट आने के बाद तैयारियां जोर पकड़ गई। मिनट्स आने के बाद शनिवार दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद मुख्यमंत्री कार से प्रधानमंत्री की एयरपोर्ट टू मन्दिर यात्रा के लिए निर्धारित रूट से होकर महापरिनिर्वाण मन्दिर पहुंचे। महापरिनिर्वाण मन्दिर में योगी ने 5वीं सदी की बुद्ध प्रतिमा के समक्ष पूजन अर्चन किया व चीवर चढ़ाया। उन्होंने अधिकारियों को प्रधानमंत्री के आने-जाने के मार्ग की साफ-सफाई, सुरक्षा व प्रोटोकाल आदि के सम्बन्ध में फीड बैक लिया और जरुरी हिदायतें दी। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा के सभी बिंदुओं पर चर्चा की और हिदायत दी कि प्रधानमंत्री की पूजा के दौरान मन्दिर में कम से कम संख्या रखी जाए।

एयरपोर्ट लाउंज में जनप्रतिनिधियों व पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री ने पूरे कार्यक्रम की समीक्षा की। अधिकारियों ने तैयारियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।

उन्होंने तैयारियों पर संतोष जताया। समीक्षा बैठक में सांसद रमापति त्रिपाठी, सांसद विजय दुबे, विधायक पी एन पाठक, मोहन वर्मा, विवेकानन्द, पांडेय, मनीष जायसवाल, डॉ. असीम राय, सुरेंद्र कुशवाहा, एडीजी अखिल कुमार, आयुक्त रवि कुमार एन जी, जिलाधिकारी एस राजलिंगम, डीआईजी , पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल, एयरपोर्ट निदेशक ए के द्विवेदी शामिल रहे।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular