Wednesday, April 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर में 2503 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, मुख्यमंत्री ने दिया आर्शीवाद

कुशीनगर में 2503 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, मुख्यमंत्री ने दिया आर्शीवाद

कुशीनगर (हि. स.)। जनपद में सोमवार को श्रम विभाग के उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की तरफ से आयोजित विवाह समारोह में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर व महराजगंज जनपद के कुल 2503 जोड़े विवाह के पावन बंधन में बंधे। नवयुगलों में 2243, हिन्दू, 138 मुस्लिम व 122 बौद्ध शामिल रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नव दम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंच से तीन मुस्लिम नव दम्पतियों समेत 11 युगलों को प्रमाण पत्र और पुष्पगुच्छ भेंट किया। प्रमाण पत्र देने के दौरान मुख्यमंत्री ने जोड़ों से आत्मीय संवाद भी किया।

कहा कि सामूहिक विवाह योजना एक सामाजिक क्रांति, आंदोलन व अभियान है। ऐसे आयोजनों से बाल विवाह और दहेज जैसी कुप्रथाओं पर अंकुश लगता है। यही नहीं इससे “गांव की बेटी सबकी बेटी” का भाव भी जुड़ता है। यहां अपना-पराया का भाव समाप्त दिख रहा है। सबका साथ, सबका विकास,सबका विश्वास और सबका प्रयास का भाव आप ही नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि क्या कभी किसी ने सोचा था कि श्रमिकों की कन्याओं के विवाह में मंत्री, सांसद, विधायक और स्वयं मुख्यमंत्री भी सहभागी बनेंगे ? पर, अब यह हकीकत है।

कहा कि यही लोकतंत्र है और यही लोकतंत्र की ताकत। बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने जो संविधान दिया उसमें सभी के लिए समान अधिकार की बात है। केंद्र और प्रदेश सरकार उसी समान अधिकार के तहत योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही हैं।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल, विधायकगण रजनीकांत मणि, पवन केडिया, जटाशंकर त्रिपाठी, गंगा सिंह कुशवाहा, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष लालबाबू सिंह वाल्मीकि, राज्य गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह ”अतुल”, बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, यूपी स्टेट एग्रो इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन के उपाध्यक्ष जगदीश मिश्र, देवरिया-कसया सहकारी बैंक के चेयरमैन लल्लन मिश्र, नगर पालिका पडरौना के विनय जायसवाल, हाटा के चेयरमैन मोहन वर्मा, ब्लॉक प्रमुख शशांक दूबे, विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनधि सुधीर राव, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र ने नवयुगलों को आर्शीवाद दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular