Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर में हुई नकली सेनेटाइजर की आपूर्ति, डीएम ने दर्ज कराया मुकदमा

कुशीनगर में हुई नकली सेनेटाइजर की आपूर्ति, डीएम ने दर्ज कराया मुकदमा

आपदा में खेल पर सख्त हुए जिलाधिकारी -पड़रौना के बाद कसया में पकड़ा गया खेल 
कुशीनगर(हि.स.)। पडरौना के बाद कसया में भी आपदा में खेल कर शासकीय धन हड़पने का मामला सामने आया है। कोरोना के प्रकोप के चरम के दौरान देवरिया की एक फर्म ने नगरपालिका को नकली सेनेटाइजर की आपूर्ति कर दी। इस मामले में फर्म के मालिक के विरुद्ध शनिवार को कसया थाना में आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।
 पुलिस सरगर्मी से फर्म मालिक की तलाश में जुटी है। इसके पूर्व पडरौना में नकली सेनिटाइजर के खेल में स्वास्थ्य महकमे के एक चर्चित बाबू की गिरफ्तारी हुई है। इस खेल को सीएचसी की अधीक्षक डॉ.नीलकमल ने तब पकड़ा जब नगरपालिका ने क्रय सेनिटाइजर सीएचसी को सौंपा। शक होने पर अधीक्षक ने मामले से जिलाधिकारी एस राजलिंगम को अवगत कराया था। जिसके बाद सेनेटाइजर जांच के लिए लैब भेजा गया था। 
 जांच में आरोप सिद्ध होने पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी प्रेमशंकर गुप्त ने आपूर्तिकर्ता फर्म के मालिक के विरुद्ध पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। देवरिया के भाटपाररानी तहसील के जानकी नगर धर्मशाला निवासी सप्लायर विजय कुमार की फर्म गुप्ता इंटरप्राइजेज (कांट्रेक्टर एवं सप्लायर्स) न 5-5 लीटर के पैक में 25 लीटर सेनिटाइजर की आपूर्ति की थी। 
 जिलाधिकारी के आदेश के बाद संदिग्ध सेनेटाइजर जांच के लिए 27 मई को लखनऊ शासकीय लैब भेजा गया। औषधि निरीक्षक शिव कुमार नायक को जांच रिपोर्ट 4 जून को प्राप्त हुई। रिपोर्ट में सेनिटाइजर में अल्कोहल की मात्रा शून्य पाई गई। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया। 
आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम बनाई गई है। विवेचना में आरोपी के अतिरिक्त यदि अन्य कोई भी व्यक्ति अपराध में संलिप्त पाया गया तो उस पर भी कार्रवाई होगी। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि नगरपालिका के सप्लाई आर्डर पर आपूर्तिकर्ता फर्म ने 1000 हेडमास्क, 200 मास्क एन 95, 800 कॉटन मास्क, 1000 हैंड ग्लब्स आदि की आपूर्ति की है। डीएम ने फर्म को सील कर काली सूची में नाम डालने का आदेश दिया है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular