-डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा-जनता का मोदी पर भरोसा बढ़ा
कुशीनगर (हि. स.)।केंद्रीय महिला एवं बाल कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को कुशीनगर के बुद्धा पार्क में आयोनित जनसभा में केंद्र की भाजपा सरकार की नौ साल की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि नौ साल की सेवा के जरिये सरकार ने लोगों का विश्वास जीता है। इन नौ साल में किए गए केंद्र सरकार के कार्यों के उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज आमजन को सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिल रहा है। देश का प्रत्येक वर्ग आज मोदी जी के नेतृत्व में गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कुशीनगर में एयरपोर्ट, मेडिकल कालेज, कृषि विश्वविद्यालय, उच्चीकृत सड़कें, प्रस्तावित रेल लाइन का जिक्र करते हुए कहा कि यह सभी कार्य भाजपा सरकार की देन है। देश भर में ग्रामीण महिलाओं को उज्ज्वल योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस व चूल्हा देकर सरकार ने उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि कोविड की परिस्थिति के बावजूद देश में 200 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन को देश की जनता तक पहुंचाया गया, ये सिर्फ मोदी सरकार में ही मुमकिन था। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया गया। एक भी टैक्स नहीं बढ़ाया गया। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि 12 लाख करोड़ के घोटाले करने वाली कांग्रेस भ्रष्टाचार की मोटी किताब है।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत होगी। आज गरीब कल्याण की योजनाएं जनता तक पहुंच रही हैं। जनता का भरोसा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लगातार बढ़ रहा है। सभा को कुशीनगर के सांसद विजय दुबे, पूर्व मंत्री आरपीएन सिंह, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त राजेश्वर सिंह, विधायक मनीष जायसवाल, विधायक पी एन पाठक ने सम्बोधित किया। इसके पूर्व पुलिस लाइन पर बने हैलीपैड पर दोनों नेताओं का जिला प्रशासन व भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
गोपाल/सियाराम
