Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर में सिपाही पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर

कुशीनगर में सिपाही पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर

-सीओ कार्यालय में बयान दर्ज कराने गया था पुलिस लाइन में तैनात सिपाही

कुशीनगर(हि. स.)। कुशीनगर के खड्डा कस्बा में कांशीराम आवास के पास शनिवार को बाइक सवार सिपाही के गले पर एक सिरफिरे ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद हमलावर हाथ में हथियार (बकुआ) लिए मौके पर इधर-उधर घूमता रहा, लेकिन लोग उसे पकड़ने की साहस नहीं जुटा सके। शोर सुनकर गश्त पर निकले दूसरा सिपाही बहादुरी दिखाते हुए आरोपित को पकड़ लिया, हालांकि हमलावर के हमले में वह भी लहूलुहान हो गया। खबर कस्बे में आग की तरह फैल गई। सीओ व एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपित को हिरासत में लिए। घायल सिपाहियों को प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस लाइन में तैनात सिपाही 32 वर्षीय मासूम अली बाइक से सुबह सीओ खड्डा कार्यालय में बयान दर्ज कराने गए थे। दोपहर में डेढ़ बजे लौटते समय वे कांशीराम आवास के पास पहुंचे कि सड़क पर खड़े दो युवकों को देख उन्होंने बाइक की गति धीमी कर ली। बाइक जैसे ही युवकों के पास पहुंची कि एक ने छिपा कर रखे बकुआ से सिपाही के गले पर प्रहार कर दिया। हमले के बाद सिपाही सड़क पर गिर पड़े। इस बीच मौका देख हमलावर के साथ रहा एक दूसरा युवक कहीं फरार हो गया। शोर सुनकर गश्त पर निकले खड्डा थाने में तैनात सिपाही प्रेम नारायण शर्मा मौके पर पहुंचे। सूचना थाने को दी और साहस दिखाते हुए हमलावर को पकड़ने उसके पास पहुंच गए, हमलावर ने उन पर भी हमला किया। हाथ व कंधे पर चोट आने के बाद भी वह पीछे नहीं हटे और हमलावर को उन्होंने पकड़ लिया। कुछ ही समय में सीओ संदीप वर्मा, एसएचओ धनवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। हमलावर को हिरासत में लेते हुए पुलिस घायल सिपाही मासूम अली व प्रेम नारायण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई।

डाक्टरों ने मासूम अली की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। हमलावर की पहचान 30 वर्षीय रजनू पुत्र जयसू ,निवासी धर्मदासपुर, थाना कूड़ेभार जिला सुल्तानपुर के रूप में हुई। वह कस्बे में बन रहे तहसील भवन में मजदूरी करता है।

एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। उसने सिपाही पर हमला क्यूं किया, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसकी जानकारी की जा रही है। हमलावर के साथ रहे दूसरे युवक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular