Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर में विकसित होंगे 56 मियावाकी वन

कुशीनगर में विकसित होंगे 56 मियावाकी वन

– आयुक्त अनिल ढींगरा ने की 42 लाख पौधरोपण अभियान की समीक्षा

कुशीनगर (हि.स.)। गोरखपुर के आयुक्त अनिल ढींगरा ने गुरुवार की अपरान्ह कुशीनगर जनपद के वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा के दौरान सभी जिम्मेदार अधिकारियों को 42 लाख पौधरोपण का लक्ष्य हर पूरा करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए लक्ष्य की अलग से समीक्षा की। 56 स्थलों पर लग रहे मियावाकी वन योजना पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

विभागवार दिए गए लक्ष्य की समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान के पश्चात स्थलीय सत्यापन व निरीक्षण में यदि खामी मिली तो जिम्मेदार नपेंगे। ऐसे में अधिकारी पौध रोपण के बाद उसके पोषण व सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अभी से सुनिश्चित कर लें।

कसया तहसील सभागार में जिलाधिकारी रमेश रंजन द्वारा औपचारिक स्वागत के पश्चात हुई समीक्षा बैठक में आयुक्त ने अभियान से जुड़े कृषि, सहकारिता, उद्यान, स्थानीय निकाय, शिक्षा, राजस्व, ग्राम्य विकास आदि सभी विभागों के प्रमुखों की अलग-अलग दिए गए लक्ष्य का विवरण प्राप्त किया और नियत अवधि के भीतर उसे पूरा करने का निर्देश दिया।

जिला वन अधिकारी अनिल श्रीवास्तव ने पूरे अभियान का विवरण आयुक्त समक्ष प्रस्तुत किया और बताया प्रकृति व जलवायु संरक्षण के लिए बाल वृक्ष भंडार, नंदन वन, आयुष वन, ग्राम वन आदि की अनूठी व अभिनव योजना के माध्यम से सभी को जोड़ने का प्रयास किया गया है। प्रत्येक अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक, एमएलसी आदि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति के माध्यम से जनसहभागिता सुनिश्चित की गई है। किसानों के खेत, गन्ना संस्थान, कृषि विज्ञान केंद्र, बरवा फार्म, स्वयं सहायता समूह के परिसर में आम, लीची,पीपल, पाकड़, सहजन, आंवला, बेल आदि औषधीय व फलदार वृक्षों का रोपड़, संरक्षण व सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।

इस दौरान सीडीओ गुंजन, एडीएम वैभव मिश्र, एडीएम रत्निक श्रीवास्तव, एसडीएम व्यास नारायण उमराव, ब्रजेश मणि त्रिपाठी ने आयुक्त का स्वागत किया।

गोपाल/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular