कुशीनगर, 22 सितम्बर(हि. स.)।जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र की सेखवनिया बुजुर्ग गांव की एक युवती की लाश घर के बाथरूम के रोशनदान से दुपट्टे से लटकती मिली। घटना बुधवार सुबह नौ बजे की है। घर के लोग युवती के डिप्रेशन में रहने व दवा कराने की बात कह रहे हैं।
गांव के आनन्द सिंह की पुत्री दीक्षा सिंह (24) अविवाहित पडरौना स्थित यूपी बड़ौदा बैंक में सहायक प्रबन्धक के पद पर कार्यरत थी। वह अपने माता पिता की बड़ी सन्तान थी। बहन आकांक्षा व भाई हर्ष छोटे हैं। सुबह मां से ड्यूटी के लिए जाने की बात कह वह नहाने के लिए बाथरूम में गई। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो मां ने आवाज लगाया। कोई उत्तर नहीं मिला तो दरवाजा तोड़ अंदर गई तो रोशनदान से दुपट्टे से लटकती बेटी की लाश लटकती देखी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। घटना के वक्त युवती के पिता बाजार गए थे। जानकारी पर घर पहुंचे पिता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर छानबीन शुरू की और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता आनन्द सिंह ने एक साल से पीजीआई में दवा कराने की बात बताई।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के बाद सटीक रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
