Thursday, March 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर में फरवरी से देख सकेंगे बुद्ध पर आधारित 'लाइट एंड साउंड...

कुशीनगर में फरवरी से देख सकेंगे बुद्ध पर आधारित ‘लाइट एंड साउंड शो’

–महाभारत के ’मैं समय हूं’ वाले हरीश भिमानी और कबीर बेदी की आवाज में होगा हिंदी और अंग्रेजी प्रस्तुतीकरण

कुशीनगर (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध तीर्थस्थली कुशीनगर के रामाभार स्तूप परिसर में फरवरी माह से देशी-विदेशी पर्यटक मेगा प्रोजेक्टर पर बुद्ध के जीवन चरित्र को लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से देख- सुन सकेंगे। शो में लोकप्रिय टी वी धारावाहिक महाभारत में ’मैं समय हूं ’ का संवाद बोलने वाले मशहूर पेशेवर वाइस ओवर आर्टिस्ट हरीश भिमानी की आवाज हिंदी में गूंजेगी। वहीं अंग्रेजी में मशहूर अभिनेता कबीर बेदी की आवाज में पर्यटक बुद्ध के जीवन चरित्र का वृत्तांत सुन सकेंगे। शो संध्या समय शुरू होगा और इसके हिंदी व अंग्रेजी के दो अलग–अलग सत्र होंगे। एक साथ एक हजार लोग शो देख सकेंगे। इस कार्य के लिए साल 2018 में भारत सरकार ने स्वदेश दर्शन योजना के तहत 1476.74 लाख का बजट दिया था।

रामाभार स्तूप परिसर में शो के लिए मेगा स्क्रीन लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। प्रोजेक्टर के लिए प्लेटफार्म का निर्माण भी अंतिम चरण में है। एक्यूपमेंट भी आ चुका है। छह साल पुरानी योजना भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की अनापत्ति प्रमाण पत्र के अभाव में लटकी थी। छह माह पूर्व प्रमाण पत्र मिलने के बाद शो का रास्ता साफ हो गया।

राज्य पर्यटन विभाग ने राजकीय निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया है। क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी गोरखपुर रविंद्र कुमार ने बताया कि फरवरी माह में शो शुरू हो जायेगा। निर्माण कार्य पूरा होने के करीब है। क्या है ध्वनि व प्रकाश शो:प्रदेश के अनेक पुरारात्विक व ऐतिहासिक महत्व के स्थलों पर ध्वनि व प्रकाश शो के माध्यम से स्थान विशेष की महत्ता को प्रस्तुत किया जाता है। कुशीनगर में शो के माध्यम से पर्यटक बुद्ध के जीवन वृत्त से अवगत हो सकेंगे। विभाग लाइट एंड साउंड शो को स्थान विशेष के इतिहास, संस्कृति और सभ्यता से परिचित कराने का एक शानदार तरीका बता रहा है।

गोपाल/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular