Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर: डीएम-एसपी ने की 117 मामलों की सुनवाई, मौके पर 17 का...

कुशीनगर: डीएम-एसपी ने की 117 मामलों की सुनवाई, मौके पर 17 का निस्तारण

– सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़े फरियादी

कुशीनगर(हि.स.)। जिले के कसया में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जिलाधिकारी एस राजलिंगम व पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने 113 मामलों की सुनवाई की और 17 मामलों का मौके पर निस्तारण किया।

राजस्व, पुलिस, विकास व अन्य विभागों के आए कुल मामलों में राजस्व विभाग के तेरह और पुलिस विभाग के चार मामले निस्तारित किये गए। शेष 96 मामले संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के आदेश के साथ अग्रसारित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी के असर के चलते पुलिस से संबंधित चार मामलों का मौके पर निस्तारण हो गया। आदेश पालन में शिथिलता पर डीएम ने नाराजगी जताई और राजस्व व पुलिस के बीच समन्वय बनाकर विवाद निस्तारण का निर्देश दिया।

भीषण गर्मी के बीच सम्पन्न संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादी उमड़ पड़े। भीड़ अधिक होने के कारण वातानुकूलित सभागार में भी अधिकारी पसीने से लतपथ हो गए। आधी कार्रवाई के बाद बिजली कटी तो ए.सी. भी बंद हो गई और स्थिति असहज हो गई। लंबे समय बाद जिला स्तरीय अधिकारियों का समाधान दिवस होने के कारण काफी संख्या में फरियादी जुट गए थे।

इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समस्या समाधान के लिए पूरी तरह रौ में दिखे। डीएम ने पिछले दिनों थाना दिवस पर आने वाले प्रार्थना पत्रों के समाधान हेतु टीम गठित करने का निर्देश के पालन नहीं होने पर तहसीलदार मांधाता सिंह पर नाराजगी जताई और तत्काल आदेश पालन का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समय से शिकायत का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी इसका ध्यान रखें। उन्होंने पिछले समाधान दिवस में आई शिकायतों की भी समीक्षा की। सख्त लहजे में कहा कि अनावश्यक विलंब हुआ तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा, सीएमओ डा. सुरेश पटारिया, ईओ प्रेमशंकर गुप्त आदि अधिकारी मौजूद रहे।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular