कुशीनगर । उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में पुलिस ने चोरी के 619.270 ग्राम सोना व 8 लाख 47 हजार रुपये नगद के साथ 03 अभियुक्त गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है । वही इस घटना में सन्लिप्त दो फरार वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु कुशीनगर पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र पटेल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर के कुशल पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी कसया के कुशल नेतृत्व में जनपद कुशीनगर में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में गुरुवार को थाना कसया थाने की पुलिस, स्वाट व सर्विलांस की संयुक्त टीम द्वारा पडरौना रेलवे स्टेशन के पास से थाना तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गयी।
इन अभियुक्तों मे कसया थाना पर पंजीकृत मु0अ0सं0-291/2021 धारा 461/380/411/413 भादवि से सम्बन्धित अभियुक्तगण धनेश चौधरी पुत्र किशान चौधरी साकिन जगदम्बापुर मरपतिया थाना श्रीनगर पुजहा जनपद पश्चिमी चम्पारण (बिहार), प्रेम कुमार पुत्र बद्री प्रसाद साकिन जगदम्बापुर मरपतिया थाना श्रीनगर पुजहा जनपद पश्चिमी चम्पारण (बिहार), संजीव सोनी (सोनार) पुत्र शंकर प्रसाद साकिन मच्छरगांवा थाना मोगर पट्टी जनपद पश्चिमी चम्पारण (बिहार) को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से 8 लाख 47 हजार रुपया नगद व 619.270 ग्राम पीली धातु के आभूषण बरामद कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है एवं दो फरार वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्रयास किया जा रहा है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त चोरी करने से पूर्व लगातार कई दिनों तक ज्वैलर्स की दुकानों पर जाकर दुकान की रैकी करते हैं, दुकान से कुछ खरीददारी भी करते हैं तथा मौका पाकर चोरी की घटना को अजांम देते हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों से दो बैग में रखे 8 लाख 47 हजार रुपया नगद व 619.270 ग्राम पीली धातु के आभुषण के साथ दो अदद स्क्रीन टच मोबाइल फोन ओपो बरामद किया।
