कुशीनगर(हि. स.)। जिले के पडरौना विकास खंड के गांव सखवनिया बुजुर्ग के मुसहर टोला में मंगलवार को आयोजित चौपाल में शामिल होने जा रहे ब्लाॅक एपीओ (सहायक योजना अधिकारी) अरविंद कुशवाहा की गाड़ी अनियंत्रित होकर एक मुसहर के घर में जा घुसी। इससे रिहायशी झोपड़ी गिर पड़ी और 70 वर्षीय रामरती, 50 वर्षीय सिरजावती व 18 वर्षीय सुशीला दबकर घायल हो गईं। गाड़ी खुद एपीओ चला रहे थे। झाेपड़ी गिरने के बाद अफरा-तफरी मच गई। चपेट में आईं महिलाओं की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग आए और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। चौपाल स्थल के नजदीक हुई इस घटना के बाद एपीओ ने घायल महिलाओं की सुध लेनी तो दूर, इलाज कराने को लेकर भी पहल नहीं की।
चौपाल में मौजूद बीडीओ, एडीओ पंचायत आदि ने भी संज्ञान नहीं लिया। लाचार व खून से लथपथ महिलाओं को गांव के कोटेदार अनिल कुमार ने निजी साधन से सीएचसी सखवनिया भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीडीओ अनुज मलिक ने बताया कि उनको ऐसी किसी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली है। इसको दिखवाती हूं। पीड़ितों को हर संभव मदद दी जाएगी।
