कुशीनगर (हि.स.)। भाजपा ने पीएन पाठक को कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। उम्मीदवारी की घोषणा के बाद पाठक ने पत्रकारों से कहा कि कुशीनगर में बाटलिंग प्लांट की स्थापना, खाड़ी देशों से उड़ान, रेलवे लाइन से जोड़ना और अंतरराज्यीय परिवहन सेवा का शुभारंभ करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यही जीवन का ध्येय भी है।
कुशीनगर जिले के तमकुहीराज तहसील के ग्राम पाठक गढ़हिया में 22 मई 1972 को जन्मे पीएन पाठक छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ गए। पाठक ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्विद्यालय से बीकॉम किया। पाठक ने एमबीए की डिग्री लेने के बाद रामजन्मभूमि आंदोलन के महत्वपूर्ण घटक रहे पूर्व सांसद डॉ. रामविलास वेदांती के सहायक के तौर पर काम किया। भाजयुमो में विभिन्न पदों पर रहते हुए वह भाजपा राष्ट्रीय परिषद एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य रहे। पाठक वर्तमान में गोरक्ष क्षेत्र के उपाध्यक्ष हैं।
भाजपा ने जिले की फाजिलनगर विधानसभा सीट के वयोवृद्ध विधायक गंगासिंह कुशवाहा की जगह उनके पुत्र सुरेंद्र कुशवाहा को टिकट देकर पिता के कार्यों पर मुहर लगाई है। गंगा सिंह कुशवाहा लगातार दो बार से विधायक हैं। टिकट मिलने के बाद सुरेंद्र ने पत्रकारों से कहा कि पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए उनकी लोकप्रिय छवि को बरकरार रखने के लिए कोई कोर कसर नही छोड़ेंगे।
गोपाल
