Friday, January 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर को मुख्यमंत्री योगी ने दी 421 करोड़ की विकास योजनाओं की...

कुशीनगर को मुख्यमंत्री योगी ने दी 421 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

– कुशीनगर विकास का अंतर्राष्ट्रीय मॉडल बनेगा

तालिबान समर्थक जातिवादी-वंशवादी मानसिकता को प्रदेश की जनता कत्तई बर्दाश्त न करे : योगी

गरीबों का राशन हजम कर जाते थे ‘अब्बा जान’ : योगी

कुशीनगर(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जनपद कुशीनगर को 421 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि कुशीनगर एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होते ही दुनिया के 14 देशों से सैलानी यहां जब आने लगेंगे तब इसका स्वरूप देखने लायक होगा।

मुख्यमंत्री जिले के कप्तानगंज में एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज समेत 310.44 करोड़ की अन्य 96 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व 14.17 करोड़ की 11 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

वर्ष 2017 से पहले हर गरीब को मिलने वाला राशन क्यों नहीं मिल पाता था? क्योंकि तब ‘अब्बा जान’ बोलने वाले गरीबों का राशन हजम कर जाते थे। आज गरीबों का राशन कोई नहीं निगल सकता। अगर निगला तो जेल जरूर जाएगा।

कुशीनगर के साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कालेज का निर्माण होगा। जल्द ही प्रदेश के 90 हजार नौजवानों को नौकरी मिलेगी, इसकी तैयारी पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि विकास से ही हर व्यक्ति के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।

उन्होंने कहा कि जनपद को मिली परियोजनाएं यह साबित करती हैं कि कुशीनगर भी किसी जिले से पीछे नहीं रहेगा, बल्कि विकास का अंतर्राष्ट्रीय मॉडल बनेगा। कुशीनगर एयरपोर्ट से इसकी शुरुआत हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पूर्वी उप्र में बीमारी थी। इंसेफेलाइटिस, मलेरिया, डेंगू और तमाम अन्य प्रकार की बीमारियों से मौतें होती थीं। उपचार का कोई माध्यम नहीं था। अकेले गोरखपुर में मेडिकल कालेज एक जर्जर कालेज बन कर रह गया था। लोगों को इलाज के लिए लखनऊ, दिल्ली और मुम्बई जाना पड़ता था। आज आप देख रहे होंगे लगभग हर जिले में मेडिकल कालेज बनाने के प्रयास में सरकार है। एम्स भी गोरखपुर में बन कर तैयार है।

योगी ने कहा कि पूरे देश में कोरोना महामारी आई है। उप्र में कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। मैं उन सभी कोरोना वारियर, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का अभिनंदन करूंगा। कल्पना करिए यदि सपा, बसपा और कांग्रेस में यह महामारी आती तो क्या होता। केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली में किस तरह से महामारी फैल रही है, उप्र में होता तो क्या होता। जिन लोगों ने अपने परिवार के लोगों को खोया है उनके प्रति मेरी संवेदना है। जो बच्चे निराश्रित हुए उन बच्चों को पढ़ाई के लिए चार हजार रुपये दिए जा रहे हैं। जो महिलाएं निराश्रित हुए हैं सरकार उनकी व्यवस्था में भी लगी है।

उन्होंने कहा कि जनपद में जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है, उसमें जेल भी है। इसके लिए लोगों को बस्ती जाना पड़ता था। हम लोगों को सुधरने का मौका देंगे। जेल अपराधियों के लिए मौज-मस्ती का केंद्र नहीं बनना चाहिए।

योगी ने कहा कि प्रदेश में श्रम सस्ता है, यहां हम उसे बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं। जितना जल संसाधन अपने पास है उसका हम इस्तेमाल खेती से लेकर अन्य कार्यों में कर सकते हैं। स्वयं सहायता समूह बेहतर कार्य कर सकती है।

योगी ने कहा कि हमने लाखों नौकरी दी। 90 हजार नौकरियां आ रही है। योग्यता के आधार पर सरकार सभी को नौकरी दे रही है। उन्हें नियुक्ति पत्र दे रही है। इसके पूर्व सभा को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, सांसद विजय दुबे, जिलाध्यक्ष प्रेमचन्द मिश्र, गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अतुल सिंह, विधायक पवन केडिया, जटाशंकर त्रिपाठी आदि ने सम्बोधित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular