कुशीनगर (हि.स.)। प्रदेश के नगर विकास व ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय महत्व की पर्यटन स्थल कुशीनगर समेत ग्रामीण क्षेत्र को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया है।
कुशीनगर के दो दिवसीय दौरे पर आए मंत्री के समक्ष विधायक पी एन पाठक ने बुधवार को बिजली की अनियमित आपूर्ति, फाल्ट, जर्जर तार, ट्रांसफार्मर, स्टाफ, सब स्टेशनों पर संसाधनों की कमी आदि का मुद्दा उठाया और इस आशय का पत्र सौंपा था। इसके बाद मंत्री विद्युत अधिकारियों की क्लास ली और निर्देश दिए।
विधायक ने मंत्री को कुबेर स्थान विद्युत सब स्टेशन की क्षमता विस्तार, कुशीनगर रामाभार विद्युत सब स्टेशन, साखोपार विद्युत सबस्टेशन गोपालगढ़ सब स्टेशन की क्षमता विस्तार के साथ-साथ टेकुआटार और शिवपुर में दो नए सबस्टेशन की स्थापना की मांग मंत्री के समक्ष रखी।
मंत्री ने मौके पर मौजूद मुख्य अभियंता गोरखपुर को कार्ययोजना तैयार कर शासन को डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया और त्वरित कारवाई का आश्वासन दिया। विधायक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आने वाले समय में पूरे विधान सभा क्षेत्र में प्रत्येक ग्राम सभा की बिजली सम्बंधित समस्या को दूर किया जायेगा।
गोपाल/दिलीप
