-अधिवक्ताओं ने मनाया जश्न, हाईकोर्ट व राज्य सरकार को धन्यवाद ज्ञापन किया
कुशीनगर(हि. स.)। दीपावली पर कुशीनगर की वाह्य दीवानी न्यायालय को नए सिविल जज सीनियर डिवीजन पीठ का तोहफा मिला है। नई उपलब्धि पर बुधवार को अधिवक्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। एक दूसरे को मिठाई खिलाई व पटाखे फोड़ खुशियां साझा की। एडवोकेट व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक कर हाईकोर्ट व सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
यहां के अधिवक्ता अरसे से सिविल जज सीनियर डिवीजन की पीठ स्थापित करने की मांग कर रहे थे। विगत एक वर्ष से शासन व उच्च न्यायालय के स्तर पर कार्रवाई भी तेज हो गई थी। शासन ने सितम्बर माह में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया था। जिसके बाद से उच्च न्यायालय में प्रक्रिया लम्बित थी। उच्च न्यायालय ने शैलेश कुमार पांडेय को सिविल जज सीनियर डिवीजन नियुक्त करते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
विधायक ने कहा कि अधिवक्ताओं की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है। यह सभी के समन्वित संघर्ष की जीत है। राज्य सरकार ने अधिवक्ताओं के दर्द को समझा है। अब अधिवक्ताओं व वादकारियों को सिविल के मुकदमों के लिए 15 किमी दूर पड़रौना की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
पीठ स्थापित करने की प्रक्रिया रोकने सम्बन्धी रिट के सम्बंध में ओंकार नाथ पाण्डेय,अध्यक्ष कुशीनगर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन ने बताया कि प्रक्रिया को रोकने के लिए उच्च न्यायालय में फाइल हुई रिट एडमिट नहीं हुई है। रिट पर सुनवाई अब दिसम्बर में होगी। अध्यक्ष ने विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, अधिवक्ता संघ के मंत्री अनिल कुमार त्रिपाठी व पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह को विशेष धन्यवाद दिया। पूर्व अध्यक्ष बद्रीनारायण दुबे, आनन्द राय, जलज सिंह आदि ने इस उपलब्धि के लिए विधायक का अभिनन्दन किया।
