Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर के पुलिस मुख्यालय में परिवार परामर्श केंद्र शुरू, एसपी ने किया...

कुशीनगर के पुलिस मुख्यालय में परिवार परामर्श केंद्र शुरू, एसपी ने किया उद्घाटन

कुशीनगर(हि. स.)। कुशीनगर पुलिस मुख्यालय में बुधवार को परिवार परामर्श केंद्र ने विधिवत कार्य करना शुरू कर दिया। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्र में तैनात कर्मियों को छोटी-छोटी बात पर विखंडित हो रहे परिवारों को जोड़कर सामाजिक बंधन को मजबूत करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छोटी-छोटी बातों को लेकर परिवार विखंडित हो रहे हैं। पति-पत्नी के मध्य मामूली बातों पर तकरार बढ़ने के कारण एक दूसरे से अलग रहने को बाध्य हो रहे हैं। जिससे उनकी भावी पीढ़ी का भविष्य चौपट हो जाता है। यदि थोड़ा सा सामंजस्य बैठाया जाय तो परिवार पुनः एक होकर खुशहाल जीवन व्यतीत कर सकते हैं। केंद्र इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाएगा।

एसपी बोले कि पति-पत्नी के मध्य उत्पन्न हुए विवादों के निस्तारण हेतु परिवार परामर्श केन्द्र का गठन किया गया है। जिसमें महिला पुलिस कर्मी के साथ-साथ जनता के सम्मानित जन उपस्थित रहेंगे। पति-पत्नी की बातों को सुनकर उनके मध्य विवादों को दूर करने का हरसम्भव प्रयास किया जायेगा ताकि परिवार अनावश्यक मुकदमों से बचकर पुनः एकजुट होकर जीवन यापन कर सके। इस दौरान आए कई मुकदमों का निस्तारण किया गया।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular