Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर के थ्री स्टार होटल पर चलेगा प्रशासन का बुलडोजर

कुशीनगर के थ्री स्टार होटल पर चलेगा प्रशासन का बुलडोजर

-दो डिसमिल सरकारी भूमि पर पर कब्जा कर व्यावसायिक उपयोग का आरोप

कुशीनगर(हि. स.)।एक थ्री स्टार होटल लॉट्स निक्को पर प्रशासन बुलडोजर चलाने की तैयारी कर रहा है। 1995 में निर्मित इस होटल पर दो डिसमिल सरकारी भूमि कब्जा कर व्यावसायिक उपयोग करने का आरोप लगा है। तहसील प्रशासन ने होटल पर 50 लाख जुर्माना भी लगाया है। पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज कार्रवाई की अनुमति मांगी गई है।

अभिलेखों की जांच पड़ताल के दौरान सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का यह मामला प्रकाश में आया। गुरुवार को एसडीएम कल्पना जायसवाल के आदेश पर तहसीलदार मान्धाता सिंह ने लेखपाल ब्रजेश मणि, नीलेश रंजन राव, अरविंद तिवारी की टीम गठित कर भूमि की पैमाइश कराई तो दो डिसमिल भूमि पर होटल प्रबंधन द्वारा निर्माण कर व्यावसायिक उपयोग किया जाना पाया गया। टीम ने इसकी रिपोर्ट प्रशासन को दी। प्रशासन ने होटल को नोटिस देकर अतिक्रमण स्वयं ध्वस्त कर लेने का निर्देश दिया व 50 लाख जुर्माना निर्धारित किया। इस आशय की नोटिस होटल पर चस्पा की गई।

जिलाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट में सराय एक्ट के तहत पंजीकृत होटल का लाइसेंस निरस्त करने की भी अनुशंसा की गई है। तहसीलदार मान्धाता प्रताप सिंह ने प्रकरण व कार्रवाई की प्रक्रिया की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। जुर्माना नहीं जमा करने की स्थिति में होटल सीज किया जाएगा। ध्वस्तीकरण नहीं किया गया तो खर्च वसूल प्रशासन स्वयं ध्वस्त करायेगा।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular