Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर के एयरपोर्ट के उद्घाटन में दिखेगा एयर शो जैसा नजारा

कुशीनगर के एयरपोर्ट के उद्घाटन में दिखेगा एयर शो जैसा नजारा

-पीएम की फ्लीट समेत आठ विमान व हेलीकाप्टर उतरने की संभावना

कुशीनगर(हि. स.)। सब कुछ ठीक रहा तो 20 अक्टूबर को प्रस्तावित कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दिन जनमानस को ‘एयर शो’ सरीखा नजारा देखने को मिल सकता है। इस दिन एयरपोर्ट पर कम से कम चार विमान व चार हेलीकाप्टर की लैंडिंग की संभावना है।

श्रीलंकाई दल को लेकर आ रहे बोइंग विमान के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान यहां लैंड करेगा। राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के विमान भी लैंड करेंगे। मेगा टूर व ट्रेवेल और एयरलाइन कम्पनियों के सीईओ को दिल्ली से चार्टड विमान से आने की चर्चा है। सभा स्थल व महापरिनिर्वाण मंदिर जाने की संभावना के चलते प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर फ्लीट भी आयेगी। ऐसे में विमान व हेलीकाप्टर की लैंडिंग व टेक आफ के दौरान लोगों को एयर शो सरीखी अनुभूति होगी।

इसके दृष्टिगत एयरपोर्ट प्रशासन भी तैयारियां कर रहा है। विमानों व हेलीकाप्टर की पार्किंग और लैंडिंग व टेकऑफ के दौरान नेविगेशनल मैनजेमेंट को लेकर अधिकारी जुटे हैं। एप्रन पर चार विमानों के पार्किंग की व्यवस्था है। ऐसे में अतिरिक्त विमानों की पार्किंग की व्यवस्था बनाने अथॉरिटी जुटी है।

3200 मीटर रन-वे की साफ सफाई में कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। परिसर में लोमड़ी, सियार, कुत्ते, साही आदि की मौजूदगी जांचने व धर पकड़ के लिए महराजगंज से आए शिकारी काम्बिंग कर रहे हैं। एटीसी व टर्मिनल बिल्डिंग को काॅरपोरेट लुक देने में अथॉरिटी जुटी है। दूसरी तरफ कस्टम व इमिग्रेशन विभाग ने अपना सेट अप खड़ा कर दिया है। एयरपोर्ट महाप्रबन्धक संजय नारायण ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुरूप तैयारी चल रही है।

सात जून को मिला था प्रधानमंत्री के आने का संकेत

बीते सात जून को प्रधानमंत्री के एयर फ्लीट में शामिल भारतीय वायु सेना का विशेष विमान बी-737 कुशीनगर एयरपोर्ट पर लैंड किया था। 19 मिनट तक रुकने के बाद विमान टेक आफ कर गया। तभी से उद्घाटन के लिए पीएम के आने के कयास लगाए जा रहे थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular