Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर की ककुत्था नदी परियोजना पर कार्य शुरू

कुशीनगर की ककुत्था नदी परियोजना पर कार्य शुरू

कुशीनगर (हि.स.)। कुशीनगर की ककुत्था नदी विकास परियोजना पर कार्य शुरू हो गया है। विश्व बैंक की प्रो पुअर टूरिज्म डेवलपमेंट के परियोजना के निदेशक ने पर्यटन विभाग को सम्बंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर प्रस्तुत करने को कहा है। इस क्रम में बुधवार एसडीएम कसया वरुण कुमार पांडेय की अध्यक्षता में मौके का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण में राजस्व, वन, विकास प्राधिकरण, पर्यटन, नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राजस्व एवं प्रशासन के प्रतिनिधि शामिल रहे। विभागों की एनओसी के बाद परियोजना पर कार्य शुरू होगा। विश्व बैंक सहायतित इस परियोजना के तहत ककुत्था नदी को पर्यटन के अनुरूप बनाया जाएगा। बुद्धकालीन थीम पर नदी तट पर घाट बनाए जायेंगे। लैंड स्केपिंग, एंटीक लाईट, छतरी, गुम्बज, बेंच आदि बनाए जायेंगे। स्थल पर बुद्ध प्रतिमा स्थापित की जाएगी और फौव्वारे भी लगाए जाएंगे।

विभाग की कोशिश है कि पर्यटक यहां आए तो कुछ घंटे गुजार सकें। इसके लिए कैफेटेरिया, प्रसाधन, पेयजल आदि की व्यवस्था करने की योजना है। एसडीएम कसया वरुण कुमार पांडेय ने बताया कि सरकार कुशीनगर व आसपास के बुद्धकालीन धरोहरों को सुसज्जित करने की योजना पर कार्य कर रही है ताकि यहां अधिकाधिक संख्या में पर्यटक आएं। इस दौरान पर्यटक सूचना अधिकारी राजेश भारती, पर्यावरण विशेषज्ञ नवल किशोर शर्मा, अभियंता के डी सिंह, कानूनगो राधेश्याम सिंह, वन विभाग के प्रतिनिधि रामाधार सिंह आदि शामिल रहे।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular