– 20 अक्टूबर को कुशीनगर आ सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी
– मुख्यमंत्री योगी व नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी आयेंगे
कुशीनगर(हि.स.)। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियां शुरू हो गई है। 20 अक्टूबर को श्रीलंका का विमान 125 यात्रियों को लेकर नवनिर्मित एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। यात्रियों में 100 बौद्ध भिक्षु व श्रीलंका के 25 सदस्यीय राजनयिक व प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।
20 अक्टूबर को सुबह नौ बजे एयरबस-321 से आने वाले यात्रियों को दो घण्टे कुशीनगर में रुकने का कार्यक्रम है। इस दौरान यात्री एक होटल में ब्रेकफास्ट लेने के बाद महापरिनिर्वाण मंदिर में बुद्ध की 5वीं सदी की शयनमुद्रा वाली प्रतिमा व बुद्ध के संभावित दाह संस्कार स्थल मुकुतबन्धन चैत्य का दर्शन, पूजन, अर्चन करने के बाद पुनः एयरपोर्ट आयेंगे। एयरपोर्ट से यात्रियों का दल पुनः उसी फ्लाइट से वाराणसी रवाना हो जाएगा।
उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आने की बात कही जा रही है। प्रधानमंत्री के महापरिनिर्वाण मंदिर भी जाने की संभावना है। जिला प्रशासन ने इस सम्बन्ध में तैयारी शुरू कर दी है। सम्भावित रूट, कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रशासन कार्य कर रहा है। यह फ्लाइट गत वर्ष 5-10 अक्टूबर के मध्य आने वाली थी। किन्तु कोविड-19 के कारण मामला लटक गया था।
बुधवार को एयरपोर्ट पर जिलाधिकारी एस राजलिंगम व पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र पटेल ने एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ बैठक की। इस सम्बंध में एयरपोर्ट निदेशक ए के द्विवेदी ने बताया कि विमान लैंडिंग व टेक आफ की सभी तैयारियां पूरी हैं।
