Wednesday, February 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर एयरपोर्ट पर बढ़ी हलचल, सुरक्षा का हुआ पूर्वाभ्यास

कुशीनगर एयरपोर्ट पर बढ़ी हलचल, सुरक्षा का हुआ पूर्वाभ्यास

-स्वागत में सजने लगी बौद्ध स्थली

कुशीनगर(हि. स.)। कुशीनगर एयरपोर्ट पर श्रीलंका के विमान के आने की दृष्टिगत पुलिस के जवानों ने बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था का पूर्वाभ्यास किया। उड़ानों के संचालन व एयरपोर्ट की सुरक्षा में काफी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।

एयरपोर्ट के मुख्य द्वार से लेकर टर्मिनल बिल्डिंग के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। डीएम एस राजलिंगम व एसपी सचिन्द्र पटेल ने खुद सुरक्षा व्यवस्था जांची। पुलिसकर्मियों ने लगेज की जांच के लगे स्कैनर की डमी जांच की। कस्टम, इमिग्रेशन, चेक इन, इमरजेंसी निकास द्वार पर सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों के साथ यूपी पुलिस के जवान रहेंगे। डीएम एसपी ने आरक्षित लाउंज, ग्रीन चैनल, प्रवेश आदि की व्यवस्था समझी। टर्मिनल बिल्डिंग में फ्लाइट डिस्प्ले लग गया है। एक दिन पूर्व लगेज ढुलाई के लिए ट्राली मंगा ली गई है।

दूसरी तरफ एयरपोर्ट से उड़ान और श्रीलंकाई यात्रियों के स्वागत के दिवस को ऐतिहासिक बनाने के लिए बौद्ध स्थली को सजाने संवारने का कार्य शुरू हो गया है। योजना एयरपोर्ट से लेकर बौद्धस्थली तक के रास्ते को संवारने की है। विशेष फोकस बुद्ध द्वार से लेकर महापरिनिर्वाण मंदिर व रामाभार स्तूप तक कि खूबसूरती निखारने की है। यात्रियों के स्वागत के लिए महापरिनिर्वाण पथ के दोनों ओर के इंडो-श्रीलंकन मैत्री को इंगित करने वाले फ्लैक्स व झंडे लगाए जाने की योजना है। श्रीलंका बौद्ध भिक्षुओं का स्वागत भारतीय बौद्ध भिक्षु करेंगे। पथ की विशेष साफ सफाई, स्वच्छता, पाथ-वे , विक्टोरियन लाइट, सोलर लैम्प, हाईमास्ट लैम्प दुरुस्त करने, पुरातात्विक महत्व के स्मारकों के रंग रोगन आदि की व्यवस्था में तहसील प्रशासन, कुशीनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण, नगरपालिका को जुटने के निर्देश डीएम ने दिए हैं। ईओ प्रेमशंकर गुप्त ने बताया कि प्रोटोकाल के अनुरूप कार्य किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular