कुशीनगर (हि. स.)। देश भर में 63 रूट पर उड़ान भर रही एयरलाइन कम्पनी स्पाइस जेट की टीम 64वें रूट पर उड़ान शुरू करने के लिए कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को पहुंच गई। स्पाइस जेट की पहली फ्लाइट एसजी-2988 दोपहर 1.55 बजे दिल्ली के लिए टेक आफ करेगी। इतिहास के पन्नों में यह उड़ान व्यावसायिक तौर पहली उड़ान के रूप में पर दर्ज हो जायेगी। इस फ्लाइट से दिल्ली जाने के लिए लोगों ने बुकिंग भी शुरू करा दी है।
टीम लीडर राजेश कुमार राय,स्टेशन मैनेजर गोरखपुर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सर्वेक्षण किया। टिकट विंडो, बोर्डिंग, स्टाफ, लोडिंग आदि की व्यवस्था के बिंदुओं की समीक्षा की। स्पाइस जेट टीम ने एयरपोर्ट निदेशक ए के द्विवेदी, प्रबन्धक (सुरक्षा), सन्तोष मौर्य के साथ बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की।
तीन और कम्पनियों की चर्चा
कुशीनगर एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ान शुरू करने के लिए तीन अन्य कम्पनियां भी दौड़ में हैं। इंडिगो, एयर इंडिया, गो एयर के नाम की चर्चा है। एयरपोर्ट प्रबन्धक सुरक्षा ने बताया कि उच्च स्तर पर कम्पनियां वार्ता कर रही हैं। अभी आधिकारिक रूप से कोई सूचना नही है।
