कुशीनगर(हि.स.)। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लखनऊ-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने का कार्य मंगलवार को शुरू हो गया। लोक निर्माण विभाग एक किमी लम्बी व 30 मीटर चैड़ी फोर लेन सड़क का निर्माण कर रही है। राज्य सरकार ने इस सड़क 21 करोड़ का बजट दिया है।
सड़क को डिवाइडर, सर्विस लेन व लैंडस्केपिंग, एंटीक स्ट्रीट लाइट, शोभकार पौधों से आकर्षक व खूबसूरत बनाया जाएगा। सड़क निर्माण के लिए विशनपुर बिंदवलिया गांव के 76 किसानों की 1.456 हे. भूमि व शाहपुर के 21 किसानों की .930 हे. भूमि अधिग्रहित की गई है। भूमि के एवज में 5.50 करोड़ मुआवजा वितरित किया जा चुका है। नए मार्ग के बन जाने से महापरिनिर्वाण मन्दिर व पुरातात्विक महत्व के स्थलों के दर्शन पूजन को आने वाले पर्यटकों को ट्रैफिक जाम की समस्या से नही जूझना पड़ेगा। पर्यटक मुख्य कस्बे के बाहर-बाहर हेरिटेज जोन में पहुंच जायेंगे।
दूसरी ओर बिहार के गोपालगंज, मोतिहारी, सिवान, बेतिया, चंपारण की ओर जाने वाले पर्यटक फोरलेन से अपने गन्तव्य की ओर रवाना हो जायेंगे। गोरखपुर व देवरिया के लोगों को मार्ग के बन जाने से सहूलियत होगी। मार्ग के बनने तक यात्री पूर्व के प्रचलित मार्ग को प्रयोग करेंगे।
इस सम्बंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हेमराज ने बताया कि कार्य शुरू हो गया है। नियत अवधि के अंदर कार्य पूरा करा दिया जाएगा।
Submitted By: Edited By: Rajesh Kumar Tiwari
