Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर एयरपोर्ट को लाइसेंस मिलने में 15 दिन की देरी

कुशीनगर एयरपोर्ट को लाइसेंस मिलने में 15 दिन की देरी

-महाप्रबन्धक (इंजीनियरिंग) उत्तरी क्षेत्र ने की समीक्षा 

कुशीनगर (हि.स.)। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई जहाजों के उड़ान के लिए लाइसेंस मिलने में अभी 15 दिन और लगेंगे। शनिवार शाम को दिल्ली से आए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के उत्तरी क्षेत्र के महाप्रबन्धक (इंजीनियरिंग) हरि कुमार ने कार्यों की समीक्षा की और मातहत अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। 
 डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन (डीजीसीए) से लाइसेंस मिलने के बाद उड़ान का रास्ता साफ हो जाएगा। उड़ान के लिए लाइसेंस जारी करने के पूर्व की प्रक्रिया के तहत आई डीजीसीए के असिस्टेंट डायरेक्टर डी के मंडल और राजगुरु ठाकुर की टीम ने अंतरराष्ट्रीय मानकों पर दो दिन रुककर एयरपोर्ट की जांच की थी। टीम ने निरीक्षण के पश्चात 18 बिंदुओं पर आपत्ति लगाई थी। टीम ने एएआई को आपत्तियों को दूर करने के निर्देश दिए थे। 
  इसी क्रम में उत्तरी क्षेत्र के महाप्रबन्धक ने एयरपोर्ट का दौरा किया। उन्होंने रन-वे, एटीसी, टर्मिनल बिल्डिंग, अग्निशमन, इलेक्ट्रिकल वर्क, एप्रन, न्यू टर्मिनल बिल्डिंग आदि के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण पश्चात मातहत अधिकारियों के साथ बैठक कर और जरूरी निर्देश दिए। 10 दिवस के अंदर खामियों को ठीक कर रिपोर्ट डीजीसीए को सौंपी जायेगी। औपचारिकता के बाद पांच दिवस में लाइसेंस मिलने की बात कही जा रही है। 
सरकार तय करेगी उड़ान का शिड्यूल
लाइसेंस हासिल करने के बाद एएआई केंद्र सरकार यानी नागर विमानन मंत्रालय को रिपोर्ट करेगी। मंत्रालय की अनुमति के बाद रुट निर्धारित होने के बाद एयरलाइन कम्पनियों को उड़ान के लिए आमंत्रित किया जाएगा। एयरपोर्ट सूत्रों के यह प्रक्रिया एक औपचारिकता बस है। यदि विजिविलिटी की समस्या नहीं रही तो लाइसेंस मिलने के कुछ दिनों बाद उड़ान शुरू हो सकती है। 
पूर्णकालिक निदेशक ने कार्यभार संभाला
 कुशीनगर एयरपोर्ट के पूर्णकालिक निदेशक विमानपत्तनम ए के द्विवेदी ने शनिवार को कार्यभार संभाल लिया। बातचीत में उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट को देश विदेश से उड़ान सेवा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए डीजीसीए से लाइसेंस हासिल करने के प्रयास हो रहे हंै। लाइसेंस मिलने के बाद विजिविलिटी ठीक रही तो उम्मीद की जानी चाहिए उड़ान जल्द शुरू हो जायेगी। 

RELATED ARTICLES

Most Popular