-उद्घाटन समारोह की तैयारी में आ रही बाधा
कुशीनगर(हि. स.)। मानसून की आखिरी बारिश का पानी एयरपोर्ट के रन-वे व एप्रन तक पहुंच गया । पुख्ता ड्रेनेज सिस्टम नहीं बनाया गया तो मानसून में जहाजों के संचलन में बाधा आएगी ही, रनवे और चारदीवारी को क्षति भी पहुंच सकती है। ताजा बारिश ने 20 अक्टूबर को प्रस्तावित एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह के समक्ष भी समस्या खड़ी कर दी है।
जिला प्रशासन ने समारोह स्थल के लिए टर्मिनल बिल्डिंग के सामने जिस स्थल का प्रस्ताव किया है, वहां भी पानी लग गया है,जिससे मिट्टी भर स्थल के समतलीकरण में बाधा आ रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया दिल्ली ने राज्य सरकार को स्थानीय एयरपोर्ट प्रशासन ने जिला प्रशासन को स्थिति से अवगत कराया है। जून माह में मानसून के शुरुआती दौर में भी यह समस्या आई थी। मौके पर पहुंचे डीएम एस राजलिंगम व एसपी सचिन्द्र पटेल ने एयरपोर्ट का निरीक्षण किया और बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। तब बारिश के चलते एयरपोर्ट की चहारदीवारी से सटे आउटडोर क्षेत्र में जल जमाव हो गया। इनडोर से भी पानी निकलने में समस्या आने लगी। डीएम ने एयरपोर्ट के गेस्ट हाउस में बैठक कर बाढ़, सिंचाई व लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं से चर्चा की और बेहतर योजना तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। ताकि किसी भी स्थिति में जल जमाव न हो। मौके पर आनन-फानन में टीम लगाकर आस पास के प्राकृतिक ड्रेनेज की सफाई कराई गई। बावजूद इसके पानी निकलने में सप्ताह लग गया। उद्घाटन की तारीख सामने आने के बाद हालिया हुई बारिश में भी जलजमाव की समस्या उभरकर सामने आ गई, जिससे अधिकारी परेशान हो गए हैं। डे टू डे अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट दिल्ली भेजी जा रही है। इस संबंध में एयरपोर्ट निदेशक एके द्विवेदी ने बताया कि पानी तेजी से निकल रहा है। भविष्य में यह समस्या न आए इसके लिए पुख्ता ड्रेनेज सिस्टम बनाना होगा अन्यथा मानसून में संचलन पर ब्रेक लग सकता है। रन वे को भी क्षति पहुंच सकती है। अद्यतन स्थिति से दिल्ली मुख्यालय व जिला प्रशासन को अवगत करा दिया गया है।
दूसरी तरफ सिचाई विभाग के अधिशासी अभियंता बोधई राम का कहना है कि ड्रेनेज प्लान तैयार है। सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। पानी निकलने के बाद योजना क्रियान्वित की जायेगी।
खेतों का पानी समस्या की वजह:एयरपोर्ट के इर्द गिर्द भलुही, बेलवा दुर्गा राय, निबीडीह, नरायनपुर, नकहनी, खोराबार, मिश्रौली, कुरमौटा, परसौनी, नरकटिया, शाहपुर, बेलवा दुर्गा राय, बेलवा रामजस आदि गांव के खेत स्थित है। खेतों का पानी भी रिसकर एयरपोर्ट के भीतर आ रहा है। एयरपोर्ट परिसर में ड्रेनेज सिस्टम तो है,पर खेतों से रिसकर आने वाला पानी समस्या की मुख्य वजह बन रहा है। खेतों का पानी अलग-अलग दिशाओं में निकालने के लिए ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है।
