Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे 13 बौद्ध देशों के...

कुशीनगर एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे 13 बौद्ध देशों के राजदूत

-400 अतिविशिष्ट व विशिष्ट व्यक्तियों की मौजूदगी में होगा शुभारंभ

-आयुक्त और एडीजी ने किया निरीक्षण

कुशीनगर(हि. स.)। कुशीनगर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में 13 बौद्ध देशों के राजदूत भी मौजूद रहेंगे। श्रीलंका, लाओस, म्यांमार, कम्बोडिया, थाईलैंड, नेपाल, ताइवान, जापान, कोरिया, वियतनाम, सिंगापुर, मलेशिया, मंगोलिया आदि देशों के राजदूत उद्घाटन समारोह में भाग लेने आ रहे हैं।

20 अक्टूबर को एयरपोर्ट पर होने वाले उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंद्रा राजपक्षे के साथ राजदूत भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर आयुक्त रवि कुमार एन जी व अपर पुलिस महानिदेशक अखिल कुमार ने निरीक्षण किया।

मुख्य समारोह एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग के बाहरी उद्यान में होगा। इस उद्यान में विशेष पांडाल बनाया जाएगा। 500 लोगों के बैठने की क्षमता वाले पांडाल में अतिविशिष्ट व विशिष्ट व्यक्ति जिसमें राजनयिक दल, केंद्रीय व राज्य सरकार के मंत्री, सांसद व विधायक, मेगा एयरलाइन व टूर ट्रवेल कम्पनियों के चेयरमैन व सीईओ, प्रमुख बौद्ध धर्म गुरुओं व उद्योगपतियों की मौजूदगी होगी।

गत एक वर्ष से एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह को लेकर सरगर्मी चल रही थी। कोविड-19 के चलते उद्घाटन समारोह टलता जा रहा था। अब जाकर उद्घाटन की तिथि फाइनल होते ही राजनीतिक व प्रशासनिक हलके में सरगर्मी बढ़ गई है।

बैठक कर बनी रणनीति: एयरपोर्ट के वीवीआईपी लाउंज में आयुक्त व एडीजी ने एयरपोर्ट व जिला प्रशासन के अधिकारियों व सांसद, विधायक और भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्य समारोह स्थल की व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई।

पांडाल की साइज, मंच, प्रकाश, डी एरिया, सुरक्षा प्रबन्ध, प्रवेश द्वार आदि को लेकर बैठक में योजना बनाई गई। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष प्रेमचन्द मिश्र सांसद विजय दुबे, विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पी एन पाठक,जिलाधिकारी एस राजलिंगम, एयरपोर्ट निदेशक ए.के. द्विवेदी, डीआईजी जे. रविन्द्र कुमार,एसपी सचिन्द्र पटेल, प्रबन्धक सुरक्षा सन्तोष मौर्य,जिला उपाध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

सांसद विजय दुबे ने बताया कि मेगा उद्घाटन समारोह के माध्यम से केंद्र व प्रदेश की सरकार दुनिया भर में एयरपोर्ट की ब्रांडिंग कर रही है ताकि लाखों की संख्या में विदेशी सैलानी यहां आएं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ें और देश-विदेश में आवागमन सहज -सुलभ हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular